जनता ने फिर बताया, सीएम का उम्मीदवार होना नहीं है जीत की गारंटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साल 2017 के विधानसभा चुनाव परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी होना ही जीत की गारंटी नहीं हो सकता। धूमल के चुनाव हारने से पहले हिमाचल की जनता वीरभद्र सिंह और शांता कुमार को भी मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी होने के बावजूद हरा चुकी है। इस बार आधा दर्जन से ज्यादा मंत्रियों और मुख्य संसदीय सचिवों (सीपीएस) की कुर्सी भी चली गई।
प्रदेश भाजपा के सबसे कद्दावर नेता प्रेम कुमार धूमल को इस बार पार्टी ने हमीरपुर सीट की बजाय सुजानपुर से चुनाव लड़ने को कहा। जीत सुनिश्चित करने को केंद्रीय नेतृत्व ने डबल इंजन का फार्मूला बताकर धूमल का नाम बतौर मुख्यमंत्री घोषित कर दिया।
उम्मीद थी कि धूमल अपनी सीट तो जीतेंगे, साथ ही पार्टी के 50 प्लस के लक्ष्य को भी आसानी से पार किया जा सकेगा, लेकिन जिस सीट से धूमल मैदान में थे, वहां उनके शिष्य और प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस नेता राजेंद्र राणा लंबे समय से लोगों के बीच रहकर काम कर रहे थे।
लोगों ने स्थानीय बनाम बाहरी और लोकप्रिय बनाम बड़ा कद की लड़ाई में धूमल को शिकस्त दे दी। यह पहली बार नहीं था, जब मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी को हिमाचल की जनता ने हरा दिया।
इससे पहले 1993 के विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा के ही मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी शांता कुमार को पालमपुर से हार का सामना करना पड़ा था। यही नहीं, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी कोटखाई के लोगों ने 1989 में हार का स्वाद चखाया था।
खास बात यह है कि ये तीनों ही नेता हिमाचल और देश की राजनीति में बड़े नाम के तौर पर जाने जाते रहे हैं, लेकिन हिमाचल ने धूमल को हराने के साथ ही स्पष्ट कर दिया है कि जो जनता के हित में काम नहीं करेगा, उसका कद कितना भी ऊंचा हो, उसकी भी जीत अनिश्चित ही रहती है।
पांच मंत्री और सात सीपीएस की भी छिनी कुर्सी
हिमाचल की जनता ने इस बार के चुनाव में सत्ता में रहकर सुख भोगने वालों को जबरदस्त पटकनी दी। कद्दावर मंत्री जीएस बाली से लेकर वरिष्ठतम मंत्री कौल सिंह ठाकुर और सुधीर शर्मा, प्रकाश चौधरी और ठाकुर सिंह भरमौरी भी अपनी सीट नहीं बचा सके।
मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी, सीपीएस जगजीवन पाल, नंदलाल, रोहित ठाकुर, सोहन लाल ठाकुर, मनसाराम, वित्त आयोग अध्यक्ष कुलदीप कुमार, पर्यटन विकास बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष विजय सिंह मनकोटिया, योजना बोर्ड उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, कर्मचारी कल्याण बोर्ड सुरिंद्र मनकोटिया और शिक्षा नीरज भारती के पिता एवं पूर्व मंत्री चंद्र कुमार भी हार का मुंह देखना पड़ा।
भाजपा में भी लंबी है फेहरिस्त
मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी धूमल के अलावा उनके समधी गुलाब सिंह ठाकुर भी चुनाव हार गए। उन्हें पहली बार चुनाव मैदान में आए निर्दलीय प्रत्याशी प्रकाश राणा ने करीब आठ हजार से ज्यादा मतों से हरा दिया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी के करीबी बताए जाने वाले फतेहपुर से प्रत्याशी कृपाल परमार और पालमपुर से प्रत्याशी इंदु गोस्वामी भी नहीं जीत सकीं।
हाल में हिलोपा से भाजपा में शामिल हुए महेश्वर सिंह, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, वरिष्ठ नेता रणधीर शर्मा और पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि भी हार गए।