Himachal Election: कांग्रेस के तीन पूर्व मंत्रियों, इंटक अध्यक्ष के टिकट पर फंसा पेंच, सर्वे करवाएगा हाईकमान
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के तीन पूर्व मंत्रियों सुधीर शर्मा, कुलदीप कुमार, ठाकुर सिंह भरमौरी और इंटक के प्रदेश अध्यक्ष बावा हरदीप के टिकट पर पेच फंस गया है। कांग्रेस हाईकमान ने धर्मशाला, चिंतपूर्णी, भरमौर और नालागढ़ में प्रत्याशी तय करने से पहले दोबारा सर्वे करवाने का फैसला लिया है। चारों सीटों को लेकर केंद्रीय चुनाव कमेटी की नई दिल्ली में हुई बैठक में खूब माथापच्ची हुई। पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और राष्ट्रीय सचिवों को टिकट देने पर राज्य चुनाव कमेटी और स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में बनी सहमति को केंद्रीय चुनाव कमेटी ने सिरे से नकार दिया। धर्मशाला से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा का टिकट फंसने से प्रदेश कांग्रेस की राजनीति गरमा गई है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस सीट की दौड़ में अब पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी का नाम भी शामिल हो गया है।
चिंतपूर्णी से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप कुमार के अलावा कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन बबलू का नाम भी पैनल में डाला गया है। भरमौर से पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, नालागढ़ से इंटक से प्रदेश अध्यक्ष हरदीप बावा का टिकट भी अभी पक्का नहीं है। नूरपुर से पूर्व विधायक अजय महाजन, गगरेट से राकेश कालिया और चौपाल से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रजनीश किमटा को टिकट देने पर भी अभी संशय बना हुआ है। इन सीटों पर हाईकमान ने अन्य विकल्पों पर भी विचार करने के बाद प्रत्याशी तय करने को कहा है। उधर, सरकाघाट, आनी, बंजार और करसोग सीट पर भी मंगलवार को सहमति नहीं बन सकी। सरकाघाट से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यदुपति ठाकुर, भरमौर से सुरजीत भरमौरी का नाम युवा कांग्रेस के कोटे से आगे किया गया है। आनी, बंजार और करसोग में पार्टी जिताऊ उम्मीदवारों चुनने के लिए अभी सर्वे का इंतजार करेगी।
आदित्य विक्रम सिंह समर्थकों सहित पहुंचे नई दिल्ली
जिला कुल्लू के बंजार विधानसभा सीट से टिकट की मांग को लेकर पूर्व मंत्री दिवंगत कर्ण सिंह के पुत्र आदित्य विक्रम सिंह ने मंगलवार को समर्थकों सहित नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष और पूर्व मंत्री दीपादास मुंशी से मुलाकात कर आदित्य विक्रम सिंह ने क्षेत्र के समीकरणों से अवगत कराया। समर्थकों ने कांग्रेस में शामिल किए गए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमीराम शर्मा को टिकट नहीं देने की वकालत की।
मनाली से भुवनेश्वर गौड़ को लेकर हुई गहमागहमी
केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक के दौरान मनाली से भुवनेश्वर गौड़ के नाम को लेकर खूब गहमागहमी हुई। दो वरिष्ठ नेता अपने-अपने समर्थक को यहां से प्रत्याशी बनाने के लिए दावेदारी पेश करने में लगे रहे। अंत में गौड़ को प्रत्याशी बनाने के लिए सहमति बनी।
दो को स्क्रीनिंग, सात को केंद्रीय कमेटी की बैठक संभावित
प्रत्याशियों का चयन करने के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक दो अक्तूबर और सात को केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक संभावित है। एक-दो दिनों में बैठकों का शेड्यूल जारी हो सकते हैं।