इस दिन एक साथ आएगा हिमाचल बोर्ड का +2 और 10th का रिजल्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड इस बार दसवीं और जमा दो की वार्षिक परीक्षाओं का परिणाम एक साथ घोषित कर सकता है। इसके लिए बोर्ड ने लक्ष्य निर्धारित किया है।
मैट्रिक और जमा दो की वार्षिक परीक्षाओं में बैठे दो लाख से अधिक अभ्यर्थियों को एक माह के अंदर परिणाम देने का भी बोर्ड ने लक्ष्य रखा है। इसके तहत 24 अप्रैल की तिथि परिणाम के लिए तय की है।
यदि वार्षिक परीक्षाओं के मूल्यांकन और परिणाम बनाने से संबंधित कोई तकनीकी परेशानी बोर्ड के सामने नहीं आई तो बोर्ड 24 अप्रैल तक परीक्षाओं का परिणाम जारी कर देगा।
उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने बताया कि सब कुछ ठीक रहा तो निर्धारित तिथि के अनुसार परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
मैट्रिक का 34, जमा दो का 25 दिन में मिलेगा परिणाम
बोर्ड यदि अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करता है, तो मैट्रिक के 109782 परीक्षार्थियों को वार्षिक परीक्षा के 34 दिन बाद परीक्षा परिणाम मिल जाएगा, जबकि जमा दो का परिणाम परीक्षा के एक माह के अंदर घोषित हो जाएगा।
जमा दो की 29 मार्च को वार्षिक परीक्षाएं समाप्त हुई हैं। ऐसे में बोर्ड अपने लक्ष्य को पूरा करता है, तो 25 दिन के अंदर जमा दो के 98302 परीक्षार्थियों को परिणाम मिल जाएगा।
लक्ष्य पूरा करने के लिए जुट गए हैं कर्मचारी
स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम के लिए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए कर्मचारी दिन-रात जुटे हुए हैं। बोर्ड ने विभिन्न स्थानों पर 31 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए हैं, जहां पर अध्यापक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे।
बोर्ड सचिव ने किया मूल्यांकन केंद्रों का दौरा
वीरवार को स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने जिला कांगड़ा में स्थापित मूल्यांकन केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मूल्यांकन केंद्रों में चल रहे कार्य का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सुविधाओं को भी जांचा।