हिमाचल: 24 घंटों में कोरोना के 209 नए मामले, आईजीएमसी में स्क्रब टायफस से युवती की मौत
प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3653 पहुंच गया है। अब तक कोरोना के 218523 मामले आ चुके हैं। इनमें से 213124 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले 1730 रह गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 225 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना की जांच के लिए 9364 लोगों के सैंपल लिए गए।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को किसी कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत नहीं हुई है जोकि राहत की बात है। वहीं, प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 209 नए मामले आए हैं। प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3653 पहुंच गया है। अब तक कोरोना के 218523 मामले आ चुके हैं। इनमें से 213124 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले 1730 रह गए हैं। इसमें से बिलासपुर जिले में 150, चंबा 24, हमीरपुर 395, कांगड़ा 491, किन्नौर 35, कुल्लू 41, लाहौल-स्पीति छह, मंडी 341, शिमला 156, सिरमौर सात, सोलन 41 और ऊना में 73 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 225 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना की जांच के लिए 9364 लोगों के सैंपल लिए गए। सोलन में निजी नर्सिंग कालेज में 23 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
उधर, आईजीएमसी में स्क्रब टाइफस से 21 साल की युवती की मौत हो गई। सिरमौर के नौहराधार की रहने वाली इस युवती को 23 सितंबर को दाखिल किया गया था। उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सक युवती पर लगातार निगरानी बनाए रखे थे। लेकिन दो दिनों बाद इसकी मौत हो गई। अब तक अस्पताल में इस बीमारी से चार मरीजों की मौत हो गई हैं। मेडिसन विशेषज्ञ चिकित्सकों का कहना है कि बरसात के मौसम के दौरान लोगों को खेतों व जंगलों में काम करने से जाने से पूर्व सावधानी बरतनी चाहिए, जिससे वह इस पिस्सू की चपेट में आने से बच सके। डॉक्टरों का कहना है कि अगर मरीजों को बुखार संबंधित लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत अस्पताल में उपचार के लिए आएं।
स्क्रब टाइफस के लक्षण
तेज बुखार 104 से 105 तक जा सकता है।
जोड़ों में दर्द और कंपकंपी के साथ बुखार आना।
शरीर में ऐंठन अकड़न या शरीर टूटा हुआ लगना।
गर्दन, बाजू के नीचे, कूल्हों के ऊपर गिल्टियां होना।
बचाव
शरीर की सफाई का ध्यान रखें।
घर और आसपास के वातावरण को साफ रखें।
घर के चारों ओर घास खरपतवार नहीं उगने दें।
घर के पास कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें।
ऐसे होता है स्क्रब टाइफस
यह रोग एक जीवाणु रिकेटशिया से संक्रमित पिस्सू (माइट) के काटने से फैलता है। जो खेतों झाड़ियों और घास में रहने वाले चूहों में पनपता है। यह जीवाणु चमड़ी के माध्यम से शरीर में प्रवेश करता है और स्क्रब टायफस का बुखार पैदा करता है।
3110 मरीज पहुंचे आईजीएमसी
आईजीएमसी में सोमवार को 3110 मरीजों की ओपीडी हुई। सबसे ज्यादा भीड़ मेडिसन ओपीडी, कार्डियोलॉजी और आर्थो ओपीडी के बाहर देखने को मिली।