अफसरों को सस्पेंड कर जिम्मेदारी से नहीं बच सकते सीएम : सुक्खू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अधिकारियों को सस्पेंड कर देने से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मुख्यमंत्री को प्रभावी कदम उठाने होंगे।
यह कहना है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू का। नाहन में कांग्रेस के जिला स्तरीय प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने जयराम सरकार पर हमला बोला। सुक्खू ने कहा कि पांच महीने में सौ से ज्यादा जघन्य अपराध हुए हैं।
कसौली गोलीकांड प्रदेश के इतिहास का काला अध्याय है। सरकार लीपापोती करने में जुटी है। सरकार व्यवस्था में सुधार करने के बजाय अधिकारियों को धमका रही है।
हाल ही में कैबिनेट बैठक में सीएम व मंत्रियों ने डीजीपी को बुलाकर फटकार लगाई। यह उचित नहीं है। सुक्खू ने कहा कि जयराम सरकार के पांच महीने के कार्यकाल में ही भाजपा विधायकों में असंतोष पनपने लगा है।
ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला कह रहे हैं कि प्रशासन व अधिकारी उनकी नहीं सुनते। कर्नल इंद्र सिंह कहते हैं कि अगर एयरपोर्ट उनके हलके में नहीं बना तो वह धरने पर बैठेंगे। इससे सरकार की अंदरूनी स्थिति का पता चलता है।
उन्होंने कहा कि पेट्रो पदार्थों, रसोई गैस के दाम आज तक के सबसे ऊंचे स्तर पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महंगाई पर न तो एक शब्द बोल रहे हैं और न ही लगाम लगा पा रहे हैं। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की निजी कंपनियों के साथ सांठगांठ हैं।
कंपनियों का खजाना भरने और भाजपा के लिए चंदा लेने के लिए पेट्रो पदार्थों व रसोई गैस की कीमतों का नियंत्रण सरकार ने निजी हाथों में सौंप रखा है। 23 मई 2013 को पेट्रोल की कीमत दिल्ली में 63.09 रुपये थी, जो 21 मई 2018 को बढ़कर 76.57 रुपये हो गई।