हिमाचल: कोल डैम के 35 किमी क्षेत्र में होंगी साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधिया, मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया शुभारंभ
राज्य सरकार ने कोल डैम जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए यहां साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध होंगी।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से जिला मंडी के ऐहन में कोल डैम जलाशय में साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों का शुभारंभ किया। ऐहन से तत्तापानी तक लगभग 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों के विस्तार से पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्राप्त होंगे। इसके साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार ने कोल डैम जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए यहां साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध होंगी। इससे पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ रोमांचक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे।
प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है: सीएम
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और वॉटर स्पोर्ट्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पर्यटन क्षेत्र से लाखों परिवारों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं, वहीं इससे राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इससे पहले बिलासपुर में भी इस प्रकार की गतिविधियां शुरू कर चुकी है। सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है। इस अवसर पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच आज धरातल पर साकार हुई है।
क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा: सोहन सिंह
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन गतिविधियों के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और महाधिवक्ता अनूप रतन उपस्थित थे। वहीं, जिला मंडी के ऐहन में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने बिहडु में 2.47 करोड़ रुपये से निर्मित उप तहसील कार्यालय का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बिहडु में दो करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उप-तहसील कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को नए भवन की बधाई देते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक विवेक शर्मा के निरंतर प्रयासों से यह भवन बनकर तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान और उनके कार्यों को पूरा करवाने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। सुक्खू ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जारी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मटियाणा-बंगाणा के बीच पुल के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अतिरिक्त, 15 करोड़ रुपये की लागत से तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसके तहत लठियाणी-कोडरा सड़क के लिए आठ करोड़ 36 लाख रुपये, बंगाणा-शांतला सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 12 करोड़ तथा हटली-तलपी सड़क के निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।इस अवसर पर स्थानीय विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्र को विकासात्मक सौगातें प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया महाधिवक्ता अनूप रतन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
ब्रेकिंग अपडेट।