हेलीकॉप्टर से सस्ती हुई भगवान शिव के इस तीर्थस्थल की यात्रा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मणिमहेश यात्रा इस बार हेलीकॉप्टर से सस्ती होगी। प्रशासन ने बुजुर्ग व महिला श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर का किराया 610 रुपये कम कर दिया है। अब 2100 रुपये के बजाय 1490 रुपये देकर श्रद्धालु महज 8 मिनट में भरमौर से गौरीकुंड पहुंच सकते हैं।
प्रशासन ने हेलीकॉप्टर सेवा के लिए दो कंपनियों को ठेका दिया है। आयरन कंपनी का हेलीकॉप्टर भरमौर पहुंच चुका है जबकि यूटीए कंपनी का हेलीकॉप्टर एक से दो दिन में आ जाएगा।
प्रशासन ने घोड़े और खच्चर का किराया भी तय कर दिया है। घोड़े में बैठकर हड़सर से डल झील जाने के लिए श्रद्धालुओं को 1400 रुपये देने होंगे। घोड़े से यात्रा के लिए करीब छह घंटे का वक्त लगेगा।
30 अगस्त तक चलेगी यात्रा
उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने हेलीकॉप्टर कंपनी को सात अगस्त से सेवाएं देने के आदेश दिए थे लेकिन खराब मौसम की वजह से अभी तक यह सेवा शुरू नहीं हो पाई है। एडीएम विनय धीमान ने बताया कि एक से दो दिन के भीतर हवाई सेवा शुरू हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि घोड़े-खच्चर वालों के रेट भी तय कर दिए हैं। ज्यादा पैसे वसूलने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। आधिकारिक तौर पर मणिमहेश यात्रा 7 से 30 अगस्त तक चलेगी। पिछली बार तीन लाख श्रद्धालु मणिमहेश यात्रा पर आए थे। इस बार यह संख्या बढ़ सकती है।