धौलाधार पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी कप इंडिया-2024: हिमाचली पायलटों का दबदबा, तीनों प्रमुख खिताब जीते
नरवाना में चल रहे धौलाधार पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी कप में हिमाचल के अक्षय कुमार पुरुष वर्ग में विजेता बने हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल के पायलटों ने धौलाधार पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी कप इंडिया-2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रमुख खिताब अपने नाम कर लिए। धर्मशाला के नरवाना में आयोजित प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उन्होंने पुरुष और महिला वर्ग के साथ ही टीम इवेंट में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में चंबा के खज्जियार निवासी अक्षय कुमार और महिला वर्ग में बीड़ के गुनेहड़ निवासी तरन्नुम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, टीम इवेंट में फ्लाई इन स्काई नरवाना ने जीत हासिल की।
एक्यूरेसी कप में पुरुष वर्ग के मुकाबले में चंबा के अक्षय ने आखिरी दिन बेहतर प्रदर्शन कर तीन दिन से आगे चल रहे स्पेन के डेविड को मात दी। तीसरे स्थान पर नेपाल के अमन थापा रहे। वहीं, महिला वर्ग में बीड़ की तरन्नुम ठाकुर पहले, अलिशा कटोच दूसरे और यूएसए की जीन तीसरे स्थान पर रहीं। टीम इवेंट में फ्लाइंग इन स्काई नरवाना प्रथम, कजाकिस्तान ने दूसरा और आर्मी एडवेंचर क्लब की टीम तीसरे स्थान पर रही। एक्यूरेसी कप में भारत, इंडियन आर्मी, एयरफोर्स, असम राइफल, स्पेन, कजाकिस्तान, नेपाल और यूएसए के पायलटों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बुधवार को समापन समारोह में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेताओं को सम्मानित किया।
महिला वर्ग में विजेता रही तरन्नुम ने कहा कि एक्यूरेसी के लिए नरवाना साइट बेहतर है। दूसरी बार उन्होंने प्रतियाेगिता में जीत दर्ज की है। चार साल पहले 16 वर्ष की आयु में उन्होंने बीड़ में ही पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण लेना शुरू किया। अभी तक चार प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। युवाओं को इस तरह की प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। व्यावसायिक फ्लाइंग को कम कर ऐसे आयोजनों में भाग लेकर अपना लेवल बनाना चाहिए। रोमांचक खेल के खिलाड़ियों के लिए सरकार को भी कुछ सहायता करनी चाहिए।
साहसिक खेल प्रतिभागियों का सहयोग करे सरकार : अक्षय
पुरुष वर्ग के विजेता अक्षय ने कहा कि वह 2017 से फ्लाइंग कर रहे हैं। धर्मशाला में दूसरी बार फ्लाइंग करने पहुंचे अक्षय इससे पहले लद्दाख और शिमला में भी फ्लाइंग कर चुके हैं। लद्दाख में वह तीसरे जबकि शिमला में हुई प्रतियोगिता में वह दूसरे स्थान पर रहे। पिछले वर्ष नरवाना हुई प्रतियोगिता में उनका दूसरा स्थान रहा था। इस बार स्पेन के डेविड को कांटे की टक्कर देते हुए उन्होंने पहले स्थान पर कब्जा जमाया। उन्होंने सरकार से आग्रह कि कि साहसिक खेल में प्रतिभागी बन रहे युवाओं का सहयोग करें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.