हिमाचल विस चुनाव: हाईटेक रथ से विरोधियों को चित करने की तैयारी में भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश की जीत से गदगद भाजपा अब इस विजय रथ को पूरे देश में जारी रखना चाहती है, इसकी बानगी हिमाचल में भी देखने को मिल रही है। नवंबर में गुजरात के साथ संभावित चुनावों के लिए पार्टी हाईटेक तरीके से विरोधियों को चित करने के तैयारी में है।
इसके लिए पार्टी ने प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग 68 आधुनिक रथ तैयार किए हैं, जो अगले 3 महीने तक लगातार हर विधानसभा में घूम-घूम कर आधुनिक तरीके से पार्टी का प्रचार-प्रसार कर करेंगे।
शुक्रवार को ऊना के बरनोह में सांसद अनुराग ठाकुर ने इनमें से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लिए 17 रथ झंडी देकर रवाना किए। साथ ही प्रदेश में बीजेपी ने चुनावी रणभेरी का शंखनाद कर दिया है। पार्टी अब हाईटेक तरीके से कांग्रेस का मुकाबला करेगी।
इस आधुनिक रथ में एक 55 इंच की एलईडी स्क्रीन लगी होगी, जिस पर मोदी सरकार की जनहित योजनाओं को दिखाया जाएगा और जनता के बीच पार्टी की छवि को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किए जाने का प्रयास किया जाएगा। रथ के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कटआउट लगा होगा।
चिप से कनेक्ट होंगे रथ
सूत्रों के मुताबिक पार्टी की रणनीति के अनुसार यह रथ रोजाना हर विधानसभा में 6 स्थानों पर रुकेंगे, जहां पार्टी नेता पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट के साथ सेल्फी लेंगे और वहां मौजूद जनता को भी सेल्फी लेने का मौका देंगे। अगले 15 मिनट स्क्रीन पर मोदी सरकार की नीतियों को जनता के बीच रखा जाएगा और फिर 15 मिनट स्थानीय नेता अपने संबोधन करेंगे।
यह रथ एक विशेष चिप से जुड़ा होगा, जिसे जिला मुख्यालय, शिमला के राज्य कार्यालय और केंद्र के पार्टी कार्यालय से संचालित किया जा सकेगा। सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि सुबह नौ बजे यह रथ अपना सफर शुरू करेगा और रात 9 बजे थम जाएगा।
यही नहीं इस रथ के पल पल की खबर पार्टी के तीनों केंद्रों तक पहुंचती रहेगी। इस रथ पर चालक और एक ऑपरेटर और पार्टी के 3 कार्यकर्ता सहित कुल 5 लोग मौजूद होंगे, जो सीधे जिला, राज्य और केंद्र से जुड़े होंगे और जहां भी रथ रुकेगा वहां की सीधी तस्वीरें पार्टी प्रभारियों को भेजेंगे।