चेतावनी के बीच हिमाचल में झमाझम बारिश, कई भागों में भूस्खलन से आवाजाही बाधित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश की चेतावनी के बीच राजधानी शिमला और ऊना में मंगलवार को बादल झमाझम बरसे। राजधानी शिमला में दोपहर बाद दो घंटों में 53 मिलीमीटर और ऊना में 92 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। भारी बारिश से ऊना शहर में फिर जलभराव हो गया।
घरों, दुकानों सहित कई सरकारी दफ्तरों में पानी घुस गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में मंगलवार दोपहर तक मौसम साफ रहा।
करीब तीन बजे शहर में शुरू हुई झमाझम बारिश पांच बजे तक जारी रही। भारी बारिश से शहर में कुछ समय के लिए जनजीवन ठहर गया। सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया।
ऊना में करीब दो घंटे हुई बारिश से शहर में जलभराव हो गया। जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय परिसर में फिर पानी घुस आया। इससे एसपी ऑफिस, सिक्योरिटी ब्रांच, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय और कोर्ट परिसर पानी से लबालब हो गए।
नालागढ़-रामशहर-शिमला मार्ग एक घंटे यातायात के लिए अवरुद्ध रहा
पहले से हुए जलभराव से अभी कार्यालयों की सफाई भी नहीं हुई कि मंगलवार को फिर से बरसाती पानी बाढ़ की तरह आ गया। कर्मचारियों को सरकारी रिकॉर्ड भीगने से बचाने के लिए जुगत करनी पड़ी। जिला कांगड़ा में मंगलवार को सुबह मौसम साफ रहा।
लेकिन, शाम को कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। नालागढ़ उपमंडल में बारिश से सड़कों को बड़ी क्षति पहुंची है। राजधानी शिमला को जोड़ने वाला नालागढ़-रामशहर-शिमला मार्ग एक घंटे यातायात के लिए अवरुद्ध रहा।
सिलणु पुल के पास ल्हासा आने से यह मार्ग बंद हो गया। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम मिलाजुला बना रहा। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होने से साथ-साथ धूप भी खिली।
मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 34.5, भुंतर में 34.4, कांगड़ा में 31.2, सुंदरनगर में 31.0, चंबा में 30.8, धर्मशाला में 27.6, सोलन में 26.2, कल्पा में 25.5, नाहन में 24.9, शिमला में 23.4 और डलहौजी में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।