हिमाचल में सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी के बीच कई जिलों में झमाझम बादल बरसे। राजधानी शिमला, सोलन, धर्मशाला समेत सूबे के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज हुई है। जगह-जगह भूस्खलन होने से आधा दर्जन से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 14 जुलाई तक पूरे प्रदेश में बारिश का पूर्वानुमान जताया है।राज्य में 9, 11 और 12 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राजधानी शिमला में सोमवार सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर चार बजे के बाद से झमाझम बारिश हुई। सोलन और कांगड़ा में रविवार रात और सोमवार दोपहर को जमकर बारिश हुई। बारिश से जहां किसानों को धान की रोपाई करने को पर्याप्त पानी मिल गया है, वहीं दूसरी ओर लीची बागवान बारिश के कारण तुड़ान नहीं कर पा रहे हैं।
यह बारिश मक्की और बेलदार सब्जियों के लिए भी लाभदायक मानी जा रही है। बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग और बिजली बोर्ड की मानसून को लेकर की गई तैयारियों की पोल भी खुल गई है। बारिश के कारण जहां नालियां ब्लाक होने से सारा पानी सड़कों पर बहा, वहीं कई गांवों में बिजली सप्लाई गुल रही।
मंडी जिला में सोमवार को विभिन्न स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई। दोपहर बाद हुई इस बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं धान की रोपाई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर रौनक आ गई है। मंडी, सरकाघाट, बल्ह, सुंदरनगर, सराज, नाचन और करसोग में भी झमाझम बादल बरसे।
बारिश से जिला के कई नदी-नालों में पानी का स्तर भी बढ़ गया है। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 36.7, भुंतर में 35.0, चंबा में 32.5, बिलासपुर में 32.2, सुंदरनगर में 32.4, कांगड़ा में 32.0, हमीरपुर में 31.8, सोलन में 29.0, धर्मशाला में 28.8, शिमला में 24.4, कल्पा में 23.5, केलांग में 22.9 और डलहौजी में 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।