भारी बारिश से हिमाचल में एनएच समेत 70 सड़कें बंद, घरों में घुसा पानी, कई भवन क्षतिग्रस्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में बुधवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी जारी रही। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल झमाझम बरसे। पांवटा साहिब में सबसे अधिक 112 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
भारी बारिश और भूस्खलन के चलते मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे समेत प्रदेश भर में छोटी-बड़ी करीब 70 सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। झमाझम बारिश के कारण प्रदेश में नदी-नाले उफान पर हैं। ऊना, मंडी और कुल्लू के कई इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुस गया।
कुल्लू में नालों का पानी और मलबा सड़क पर आने से कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम के बदले मिजाज के चलते सूबे में अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री गिर गया है।
पागलनाला में बाढ़ से सड़क घंटों अवरुद्ध रही
बारिश से जिला कुल्लू में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बंजार, सैंज तथा ऊझी घाटी में भारी तबाही हुई। लारजी-सैंज सड़क स्थित पागलनाला में बाढ़ से सड़क घंटों अवरुद्ध रही। बंजार-जीभी-गाड़ागुशैणी मार्ग भी प्रभावित रहा।
भरठीधार में नाले का मलबा सड़क पर आने से यातायात तीन घंटे ठप रहा। सोलंगनाला में बाढ़ से गांव को जोड़ने वाली पुलिया बह गई। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। नदी किनारे रहने वाले लोगों का सतर्क रहने को कहा है।
पांवटा साहिब के राजपुर में पेड़ गिरने से एक बाइक चालक घायल हो गया। एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पांवटा और कालाअंब में जलभराव से वाहन चालकों समेत राहगीर भी परेशान हुए।
ऊना के संतोषगढ़ नगर में बारिश से दीवार गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि नगर के पुराने बस स्टैंड के पास पानी दुकानों में घुस गया, जिससे दुकानदारों को नुकसान हुआ है।
पिरथीपुर में एक घर की दीवार गिरने से परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। वहीं धर्मसाल महंता खास में बारिश से डंगा गिरने से मकानों और पशुशाला को नुकसान हुआ।
गोशाला ढहने से पांच मवेशियों की दबने से मौत
मंडी जिले में सुबह करीब साढ़े तीन बजे विशालकाय पेड़ चौंतड़ा के समीप मंडी-जोगिंद्रनगर एनएच पर गिर गया। इससे एनएच तीन घंटे बाधित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। गद्दीधार पंचायत के रोपड़ी में गोशाला ढहने से पांच मवेशियों की दबने से मौत हो गई।
खराब मौसम के कारण प्रदेश के तीनों हवाई अड्डों भुंतर, गगल और जुब्बड़हट्टी में हवाई उड़ानें नहीं हुईं। गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26.6, सुंदरनगर में 26.1, कांगड़ा में 25.6, धर्मशाला में 25.2, सोलन में 25.0, भुंतर में 24.6, चंबा में 24.8, नाहन में 23.0, कल्पा में 21.6, शिमला में 20.8, केलांग में 18.2 और डलहौजी में 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
कहां कितनी बारिश
क्षेत्र बारिश (मिलीमीटर में)
पालमपुर 63
धर्मशाला 55
जुब्बड़हट्टी 52
घुमारवीं 50
सुजानपुर 45
कसौली 38