{"_id":"60d1a7d18ebc3e2c5f7cadb6","slug":"hamirpur-uproar-over-tender-application-in-public-works-department","type":"story","status":"publish","title_hn":"हमीरपुर: लोक निर्माण विभाग में टेंडर आवेदन को लेकर हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हमीरपुर: लोक निर्माण विभाग में टेंडर आवेदन को लेकर हंगामा
Tue, 22 Jun 2021 02:35 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला नेटवर्क, हमीरपुर
अमर उजाला नेटवर्क, हमीरपुर
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 22 Jun 2021 02:35 PM IST
सार
लोनिवि ने बताया कि जिन कार्यों के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए थे, वह रद्द कर दिए गए हैं। इस पर ठेकेदार भड़के उठे। ठेकेदारों ने पूछा कि जब टेंडर आवेदन रद्द करने थे तो शुद्धिपत्र (कॉरिजेंडम) क्यों नहीं जारी किया।
विज्ञापन
लोक निर्माण विभाग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर आए दिन सवाल उठ रहे हैं। अब लोनिवि के मंडल कार्यालय टौणीदेवी में सोमवार को टेंडर आवेदन को लेकर विवाद हो गया। दरअसल विभाग ने सी और डी क्लास ठेकेदारों से 21 जून सोमवार एक बजे तक टेंडर आवेदन आमंत्रित किए थे। लेकिन सोमवार को जब ठेकेदार लोनिवि के एक्सईएन कार्यालय पहुंचे तो विभाग के कर्मचारियों ने टेंडर आवेदन लेने से इंकार कर दिया।
विज्ञापन
लोनिवि ने बताया कि जिन कार्यों के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए थे, वह रद्द कर दिए गए हैं। इस पर ठेकेदार भड़के उठे। ठेकेदारों ने पूछा कि जब टेंडर आवेदन रद्द करने थे तो शुद्धिपत्र (कॉरिजेंडम) क्यों नहीं जारी किया। ठेकेदारों ने जब पूरे मामले की पड़ताल की तो पाया कि जिन कार्यों के लोनिवि टौणीदेवी ने टेंडर आवेदन आमंत्रित किए हैं, वह कार्य पहले ही हो चुके हैं। इस पर ठेकेदारों ने प्रदेश सरकार और राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो से मामले की उच्च स्तरीय जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
बता दें कि इससे पूर्व हमीरपुर लोनिवि डिवीजन में भी टेंडर फार्म को लेकर बीते सप्ताह खूब हंगामा हो चुका है। हमीरपुर लोनिवि ने भी जिन कार्यों के टेंडर आमंत्रित किए थे, वह कार्य टेंडर लगने से पूर्व ही पूर्ण हो चुके हैं। इस मामले में युवा कांग्रेस ने उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंप कर उचित कार्रवाई की मांग भी की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा सकी है।
विज्ञापन
इधर, लोनिवि टौणीदेवी के एक्सईएन अरविंद लखनपाल ने माना कि 21 जून एक बजे तक टेंडर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उन्होंने कहा कि क्यों टेंडर आवेदन नहीं लिए गए, इस बारे में जांच पड़ताल की जाएगी। उधर, लोनिवि हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता विजय चौधरी ने कहा कि टेंडर आवेदन से पूर्व ही विकास कार्य करवा लेने के मामले में एक्सईएन से रिपोर्ट मांगी गई है।
सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर : कांग्रेस
राज्य कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र जार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अश्वनी कुमार और अमित रजत ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार आंखों में पट्टी बांधकर अनदेखा कर रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की चुप्पी कई तरह के सवाल खड़े कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से लोनिवि मेें हो रहे निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।