कोरोना कर्मवीरों को विशेष आर्थिक प्रोत्साहन दे सरकार: राठौर
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखकर प्रदेश में कोरोना महामारी को लेकर लॉकडॉउन में लोगों की सहायता में लगे डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, आशा वर्कर और अन्य सभी कर्मचारियों को विशेष आर्थिक प्रोत्साहन देने की मांग की है। कहा कि संकट की घड़ी में ये लोग अपनी परवाह किए बगैर लोगों को इस संक्रमण के प्रति सचेत कर रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में भी हजारों की संख्या में श्रमिक कामकाज में लगे हैं।
उन्होंने इन सब लोगों को इस अवधि का टैक्स, बैंक ब्याज आदि में राहत देने की मांग की है। राठौर ने पत्र में कहा कि इस अवधि का कोई विशेष आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। इस वैश्विक महामारी के चलते देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है। कहा कि हिमाचल एक छोटा राज्य होने के साथ लोगों का अधिक अपना निजी व्यवसाय है। बागवानी, कृषि के साथ पर्यटन और ट्रांसपोर्टेशन का एक ऐसा क्षेत्र है, जहां लाखों लोग इससे जुड़े हैं।
पीएम मोदी के आदेशों की अनुपालना की तो जल्द दूर होगा कोरोना : शांता
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि चीन ने यह महामारी फैलाकर अपनी अंतरराष्ट्रीय नैतिकता समाप्त कर ली है। कोरोना को लेकर अमेरिका ने सावधानी नहीं बरती और स्वयं बुरी तरह उलझ गया है। आज अमेरिका ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर देख रहा है। भारत का दवा उद्योग पूरे विश्व की मदद कर रहा है। इससे भारत की इस संकट की घड़ी में एक नई पहचान उभरकर सामने आ रही है। उन्होंने इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी और भारत की जनता तथा विशेषकर कोरोना योद्धा चिकित्सकों और कर्मचारी समुदाय को बहुत बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना को लेकर हर मोर्चे पर डटे हैं। देशवासियों को कोरोना से निकलने के लिए हर समय तैयार खड़े हैं। कहा कि देश के लोग प्रधानमंत्री के आदेशों की अनुपालना करते रहेंगे तो जल्द ही भारत इस महामारी से मुक्त हो जाएगा। शांता ने कहा कि इस कोरोना संकट की अग्नि में से भारत कुंदन बनकर उभर सकता है। इस आवश्यकता इस बात की है कि भारत के सभी लोग पूरी ईमानदारी से अपने अपने कर्तव्यों का पालन करें। इतना ही नहीं, किसी को भी जरा सी गलती न करने दें। उन्होंने कहा कि सामाजिक दूरी और अपने घरों में रहने से इससे बढ़ कर बड़ा कोई इलाज नहीं है।