पहाड़ों पर हिमपात से पारा शून्य से नीचे पहुंचा, ठंड से जमने लगीं झीलें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शीत मरुस्थल के नाम से मशहूर लाहौल-स्पीति समेत हिमाचल के कई क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सूबे के जनजातीय इलाकों के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में रात के समय तापमान शून्य से 9 डिग्री तक पहुंच रहा है।
कड़ाके की ठंड के चलते लाहौल-स्पीति जिले की चंद्रताल, सूरज ताल, नीलकंठ, अलियास झील और रोहतांग दर्रे से सटी ब्रिघु झीलें जमने लगी हैं। रात को इन झीलों में ठोस बर्फ की मोटी परत बन रही है। चंद्रा भागा (चिनाब) नदी में पानी सामान्य से 250 क्यूसेक कम हो गया है।
चंद्रताल झील चंद्रा और सूरज ताल भागा नदी का स्रोत है। उधर, मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने घाटी के तमाम ट्रैकिंग रूटों पर पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
चंद्रताल झील का 70 फीसदी हिस्सा ठोस बर्फ में तबदील
चंद्रताल झील के समीप टूरिस्ट कैंप लगाने वाले कारोबारी संजीव, राजेंद्र बौद्ध और रिगजिन ने बताया कि झील के आसपास तापमान शून्य से नौ डिग्री तक नीचे आ गया है। चंद्रताल झील का 70 फीसदी हिस्सा ठोस बर्फ में तबदील हो गया है।
अब झील तक जाने पर आधिकारिक तौर पर रोक लगा दी गई है। डीएसपी केलांग संजय शर्मा ने बताया कि ठंड बढ़ते ही म्याड़ घाटी के तिंगरेट, सरचू, दारचा और लोसर से अस्थायी पुलिस चौकियां हटा दी गई हैं।
एसडीएम केलांग कुलबीर सिंह राणा का कहना है कि बर्फबारी की आशंका को देखते हुए घाटी के तमाम ट्रैकिंग रूटों पर पर्यटकों की आवाजाही रोक दी गई है। बुधवार से आधिकारिक तौर पर रोहतांग दर्रा भी वाहनों की आवाजाही के बंद कर दिया गया है।
रोहतांग में हुई हल्की बर्फबारी के बाद कुल्लू पुलिस ने रोहतांग होकर जाने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी रात के समय रोहतांग की ओर सफर न करने की हिदायत दी है।
रोहतांग व पांगी में हिमपात, मनाली-डलहौजी में बारिश
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को रोहतांग, केलांग, कुल्लू की ऊंची चोटियों और चंबा के पांगी में हिमपात हुआ। मनाली शहर, डलहौजी और सलूणी में हल्की बारिश जबकि शिमला में दिन भर बादल छाए रहे। प्रदेश के अधिकतम तापमान में सात डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।
चंबा-पांगी वाया साच पास मार्ग बंद हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार जताए हैं। 19 नवंबर तक सूबे में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।
मंगलवार को शिमला में अधिकतम तापमान 18 डिग्री था जो बुधवार को घटकर 15.4 डिग्री पहुंच गया। ऊना में मंगलवार को अधिकतम पारा 27.6 डिग्री सेल्सियस था जो बुधवार 20.5 तक लुढ़क गया।
पांगी के पुंटो और प्रे गांव में तीन इंच और साच पास में पांच इंच तक हिमपात हुआ है। इसके अलावा मनाली की ऊंची चोटियाें मकरवे, शिकरवे, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, पतालसू पीक, देउ टिब्बा, हनुमान टिब्बा, मांगण कोट, शलीण धार, हामटा पास, शेतीधार में भी हल्का हिमपात हुआ।
ये रहा न्यूनतम तापमान
कल्पा -0.4
केलांग 1.6
मनाली 3.6
डलहौजी 4.2
शिमला 5.8
मंडी 7.2