गरीबों को मुफ्त मिलेंगे गैस कनेक्शन, पंचायतों में करें आवेदन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में अब एक भी गरीब परिवार बिना गैस कनेक्शन के नहीं रहेगा। प्रदेश सरकार की हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत हर वर्ग के लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिलेंगे। इस योजना का लाभ लेने के लिए पंचायतों के पास आवेदन करना होगा। इसमें गरीबी के अलावा शर्त यह है कि परिवार के पास पहले से गैस कनेक्शन नहीं होना चाहिए। पहले चरण के लिए लोगों को 31 जुलाई तक आवेदन करना होगा।
प्रारंभिक जांच के बाद पंचायतें डीएफएससी को आवेदन भेजेंगी। डीएफएससी आधार नंबर के साथ गैस एजेंसी को आवेदन करेंगे और यह चेक किया जाएगा कि आवेदक के पास पहले से गैस कनेक्शन है या नहीं। अगर आधार नंबर पर पहले से गैस कनेक्शन होगा जो उसका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। डीएफएससी प्रताप सिंह चौहान ने इसकी पुष्टि की है।
केंद्र सरकार की उज्जवला योजना में केवल बीपीएल परिवारों को ही गैस कनेक्शन मिलते थे। इसमें भी पात्र महिलाओं को धरोहर राशि छोड़ अन्य राशि का भुगतान करना पड़ता था। अब प्रदेश सरकार की हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना में गैस कनेक्शन निशुल्क मिलेगा। प्रदेश सरकार करीब 3500 रुपये का कनेक्शन खर्च खुद वहन करेगी।
यह हैं पात्रता की शर्तें
ऐसा परिवार जिसके पास अपना या किसी भी सरकारी योजना के तहत गैस कनेक्शन न हो चाहे वह किसी भी श्रेणी का हो। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवार को भी उक्त योजना का लाभ मिलेगा।
वहीं, ऐसे परिवार जिसका सदस्य सरकारी, अर्द्धसरकारी, स्वायत्त संस्था, बोर्ड, कॉरपोरेशन में काम करता हो, परिवार का सदस्य आयकर देता हो, सरकारी एजेंसी में पंजीकृत ठेकेदार के परिवार को और बैंकों में काम करने वालों के परिवार को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।