एनआरआई उद्योगपति से दो लोगों ने की ठगी, अब दे रहे हैं धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जर्मनी में रह रहे एनआरआई ने हिमाचल में उनके साथ ठगी के आरोप लगाए हैं। पीड़ित नमखा दोरजे का कहना है कि वे केंद्र सरकार की भारत में निवेश की नीति से प्रभावित होकर पैसा लगाने के लिए तैयार हुए थे। यहां उन्होंने करीब पांच करोड़ रुपये का निवेश मशरूम उद्योग लगाने में किया।
सिरमौर जिले की पच्छाद तहसील के दौलांजी में तिब्बतीयन बोंजो फाउंडेशन सोसायटी की चार बीघा जमीन उनके पास थी। वर्ष 2014 में यहां मशरूम उत्पाद केंद्र स्थापित किया। मशीनरी की मदद से भवन का निर्माण करवाया।
करीब दो साल तक 30 स्थानीय कर्मचारियों की मदद से मशरूम उद्योग चलाते रहे। साल 2016 में पंजाब के दो लोगों के झांसे में आकर उन्हें मशरूम उद्योग लीज पर दे दिया। लीज के अनुसार पीड़ित को दोनों लोगों से करीब चार लाख रुपये प्रतिमाह मिलने थे। इनमें से दो लाख रुपये एक ऋण खाते में जाने थे।
जबकि दो लाख रुपये पीड़ित के खाते में आने थे। दोनों ने पीड़ित को उद्योग में लगी मशीनरी के बदले 26 लाख रुपये बतौर धरोहर राशि भुगतान करने पर सहमति जताई। इसमें से भी पीड़ित को सिर्फ 15 लाख रुपये ही मिल पाए हैं। पीड़ित नमखा दोरजे के अनुसार वह भारत में निवेश के इरादे से यहां आया था और उसे उम्मीद थी कि उसकी वजह से स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिलेगा।
सोलन मशरूम सिटी के नाम से देश भर में प्रचलित है ऐसे में उसने यहां मशरूम उत्पादन करने का फैसला किया। लेकिन अब उसकी जमापूंजी, जमीन और उद्योग तीनों खतरे में हैं। जब वे उद्योग की जमीन खाली करवाने की मांग करता है तो आरोपी पक्ष से उसे धमकियां मिलती हैं।
कार्यालय में आकर शिकायत करें : एसपी
पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि किसी एनआरआई के साथ धोखा हुआ है तो उसे इसकी शिकायत पुलिस के पास करनी चाहिए। यदि पीड़ित उनसे आकर मिलते हैं और मामले की पूरी जानकारी उनके पास रखते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।