दर्दनाक! हिमाचल में सड़क हादसों में चार लोगों ने गंवाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के शिमला जिले के सुन्नी के तहह मुंगणा मोड़ के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में जा गिरा। हादसे में जिला बिलासपुर के दयोट के रहने वाले दो युवकों की मौत हो गई है। मृतक चालक और परिचालक थे। ट्रक लुहरी की ओर से सुन्नी होते हुए शिमला आ रहा था।
सुन्नी-लुहरी मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 5 बजे मुंगणा मोड़ पर ट्रक नंबर एचपी 64-4726 सतलुज में जा गिरा। चालक की पहचान मनोहर लाल पुत्र रतन लाल उम्र 25 साल निवासी मंझोर डाकघर दयोट तहसील एवं जिला बिलासपुर और परिचालक की पहचान विजय कुमार पुत्र जगत राम उम्र 19 साल निवासी समटी डाकघर दयोट तहसील एवं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों को सतलुज नदी में गिरे ट्रक से बाहर निकाला। तहसीलदार सुन्नी संतराम शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों को दस हजार रुपये की राहत राशि जारी भी जारी की है।
दो सड़क हादसों में दो की मौत, दो घायल
जिला सोलन में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा राष्ट्रीय मार्ग पिंजौर-स्वारघाट पर किशनपुरा के पास हुआ। एक पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार दो कामगारों की मौत हो गई। पिकअप चालक घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया, लेकिन उसे शनिवार को पुलिस ने दबोच लिया। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था जिससे चलाक की नालागढ़ पहुंचते ही मौत हो गई थी। वहीं दूसरा हादसा सोलन के सलोगड़ा के पास हुआ। एचआरटीसी की बस से कार टकरा गई।
इसमें सवार दो लोगों को गंभीर चोटें आई है जिन्हें इलाज के लिए सोलन अस्पताल भर्ती करवाया गया है। बद्दी पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर सायं यह घटना किशनपुरा गांव में हुई। उत्तर प्रदेश के जिला फतेहपुर तहसील खागा गांव लादलेपुर निवासी रंजन यादव (35) बाइक पर किशनपुरा की ओर जा रहा था। इसके पीछे उत्तर प्रदेश के जिला खुशी नगर, तहसील टमकुई गांव के पकड़हारपुर निवासी विजय सिंह (32) सवार था। जैसे ही ये दोनों किशनपुरा गेट के पास पहुंचे एक पिकअप एचपी 12-9834 की चपेट में आ गए। आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों को घायल अवस्था में नालागढ़ चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां से चिकित्सकों ने रंजन यादव को मृत घोषित कर दिया और विजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन विजय ने भी पीजीआई में शनिवार सुबह दम तोड़ दिया।
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने पिकअप को पकड़ लिया है और चालक के खिलाफ 279 व 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं सलोगड़ा में शनिवार को सुबह आठ बजे हादसा हुआ है। शिमला की ओर जा रही एचआरटीसी की बस से एक कार जा टकराई जिसमें 35 वर्षीय मनोज कुमार निवासी दिल्ली और 38 वर्षीय अजय कुमार निवासी शिमला सवार थे।