प्रदेश में हुए अलग-अलग हादसों में पांच ने गंवाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किन्नौर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल कड़छम-सांगला सड़क पर रूतरंग के पास चलती गाड़ी पर पत्थर गिरने से एक पर्यटक की मौके पर मौत हो गई। टाटा सफारी एमएच 18 एएन 1110 में महाराष्ट्र से आए चार युवक किन्नौर के सांगला घूमने जा रहे थे। इसी दौरान रूतरंग के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरा और चालक के साथ बैठा आलोक बसना (35) सेवा सदन आगरा रोड दुले तहसील और जिला महाराष्ट्र इसकी चपेट में आ गया। उसके सिर और मुंह पर गहरी चोटें आई थीं।
इसके बाद साथ घूमने आए प्रदीप राव (38) चिचड पुणे महाराष्ट्र, बाला साहिब (43) तरक रोड नासिक और चालक उमेश (26) तालकरड, जिला सतारा महाराष्ट्र ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला से पुलिस थाना सांगला को दी। थाना प्रभारी सांगला ओपी शर्मा ने बताया कि सांगला पुलिस ने महाराष्ट्र में मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की पुष्टि एसपी किन्नौर राहुल नाथ ने की है।
वहीं बिलासपुर जिले की गेहड़वीं पंचायत के बैरी-मियां गांव में 11 वर्षीय बच्चे को सांप ने काट लिया। इससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 11 वर्षीय अभिषेक पुत्र जय पाल निवासी जज्जर अपने रिश्तेदारों के पास छुट्टियों में आया था। मंगलवार सुबह जब वह सो रहा था, तो अचानक सांप ने उसे काट लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सराहां के समीप में गौशाला ढहने से महिला की दबकर मौत
सराहां (सिरमौर)। पशुओं को चारा डालने गई पच्छाद क्षेत्र के चकरावन गांव की एक महिला की गौशाला ढहने से दबकर मौत हो गई। घटना थाना क्षेत्र पच्छाद के अंतर्गत सुरला जनोट पंचायत के चकरावन गांव की है। गंभीर अवस्था में घायल महिला को 108 एंबुलेंस से सराहां सिविल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस बीच हादसे पर नायब तहसीलदार पच्छाद जगदीश कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपयों की फौरी सहायता जारी की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चकरावन गांव की महिला उमा देवी (38) मंगलवार सुबह अपनी गौशाला में पशुओं को चारा डालने गई थी।
इस बीच गौशाला का एक हिस्सा ढह गया जिसके चलते महिला के सिर पर लकड़ी-पत्थर गिरने से गंभीर चोटें आ गई। आवाज सुनकर घर से पति गायत्री दत्त गौशाला की ओर दौड़ा। महिला को बाहर निकाल कर 108 की सहायता से सराहां अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। राजगढ़ के डीएसपी विकास धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
काहनूवाला से लापता व्यक्ति का शव नवादा में मिला
पांवटा साहिब (सिरमौर)। 9 जुलाई को घर से औद्योगिक इकाई को निकलने के बाद से लापता व्यक्ति की हत्या की आशंका जताई जा रही है। व्यक्ति की बाइक पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के कुल्हाल में नहर के समीप मिली जबकि उसका शव हिमाचल में गिरी नदी में नवादा के पास झाड़ियों में मिला है।
मंगलवार को एसपी सिरमौर सौम्या साम्बशिवन, एएसपी विनोद धीमान, डीएसपी पांवटा योगेश रोल्टा व एसएचओ पांवटा लायक राम सिसौदिया की टीम हिमाचल एवं उत्तराखंड में मुआयना करने पहुंची। काहनूवाला निवासी दयाल सिंह (42) पुत्र रक्खाराम क्षेत्र के जिवाला औद्योगिक इकाई में मिस्त्री का काम करता था। 9 जुलाई को घर से इकाई रवाना हुआ।
घर वापिस नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पता लगाने का प्रयास किया। इकाई से पता चला कि दयाल शाम को घर को निकल गया था। फिर 10 जुलाई को पांवटा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। सोमवार शाम को पुलिस को सूचना मिली जिसमें नवादा के समीप अज्ञात शव पड़ा होने की बात कही गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
लापता युवक के भाई व परिजनों ने मृतक की पहचान दयाल सिंह के रूप में कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिमला आईजीएमसी में भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
वाहन की टक्कर से एक की मौत
ऊना। ऊना शहर के नजदीक रायंसरी में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव सड़क किनारे खून से लथपथ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान कुलदीप कुमार निवासी रायंसरी के रूप में हुई है। पुलिस प्रथम दृष्टया हिट एंड रन का केस मान रही है।
मामले में पुलिस ने गांव के दो व्यक्तियों से भी पूछताछ की है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह रायंसरी गांव की एक महिला सैर के लिए जा रही थी। इसी दौरान महिला ने सड़क पर कुलदीप का खून से लथपथ शव देखा। महिला ने फौरन सूचना कुलदीप के परिजनों को दी।
सूचना मिलने पर एएसपी वीरेंद्र ठाकुर, डीएसपी हरोली अमित शर्मा एवं थाना प्रभारी ऊना शेर सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने मामले को लेकर ग्रामीणों से पूछताछ की। पता चला कि कुलदीप कुमार अपने दो साथियों के साथ नशे की हालत में था। दोनों व्यक्ति कुलदीप को सड़क के किनारे छोड़कर निकल गए।
पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए थाना तलब किया है। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में कुलदीप की मौत एक हादसा लग रहा है। प्रथम दृष्टया यह हिट एंड रन का मामला लग रहा है। बहरहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।