15 साल बाद रोशन होगा पाल सिंह का घर, बिजली बोर्ड के कर्मी पहुंचे कनेक्शन लगाने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आखिरकार लगभग पंद्रह वर्षों के बाद किसान पाल सिंह के घर में उम्मीदों की रोशनी होगी। छठी कक्षा में पढ़ने वाली कलिका बारह साल बाद बल्ब की रोशनी में पढ़ेगी। अब उसे मिट्टी तेल के दीये पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
प्रदेश के शीर्षस्थ समाचार पत्र अमर उजाला में सिलसिलेवार खबरें प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को उपायुक्त विकास लाबरू ने बिजली बोर्ड को कनेक्शन की सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए।
एसडीओ जसविंद्र सिंह के नेतृत्व में जेई आशीष ठाकुर, फोरमैन कृष्ण देव व श्याम सुुंदर ने पाल सिंह के घर का दौरा कर तमाम औपचारिकताएं पूरी कीं। हालांकि, दिन भर बारिश के कारण लाइन नहीं बिछाई जा सकी।
पाल सिंह के घर तक विधिवत रूप से बिजली तार पहुंचाने में पांच पोल लगाने होंगे। इसके लिए कुछ समय लगेगा। फिलहाल, बोर्ड ने घर तक अस्थाई तौर पर बिजली पहुंचाने का निर्णय लिया है। तीन सौ मीटर की सर्विस वायर के माध्यम से पाल सिंह को कनेक्शन दिया जाएगा।
हक से नहीं होगा कोई वंचित : विकास लाबरू
बोर्ड के मुताबिक बुधवार को पाल सिंह के घर में बिजली के तार और मीटर लगा दिया जाएगा। एसडीओ जसविंद्र सिंह ने बताया कि विभागीय आदेशों के मुताबिक नए कनेक्शन के लिए पाल सिंह की ओर से संबंधित कागजात तैयार कर लिए गए हैं।
बुधवार को पाल सिंह के घर में अस्थाई तौर पर बिजली का प्रबंध कर दिया जाएगा। जल्द ही पांच पोल लगाकर बिजली की लाइन को रूट किया जाएगा। इसी लाइन से जरूरतमंदों को ट्यूबवेल के लिए कनेक्शन भी दिए जाएंगे।
पाल सिंह का दावा है कि उन्होंने पंद्रह वर्ष पहले कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन दफ्तरों के कई चक्कर काटने के बावजूद कनेक्शन नहीं दिया गया।
उपायुक्त विकास लाबरू ने कहा कि जिले में किसी को भी उसके हक से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। अमर उजाला की ओर से मामला सामने लाते ही उन्होंने मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए थे।
बोर्ड को बिना किसी देरी के शिकायतकर्ता पाल सिंह के घर में बिजली का प्रबंध करने के मंगलवार को निर्देश दिए गए। अगर जिले में किसी को किसी भी बोर्ड की ओर से कोई परेशानी तो वह सीधा मुझसे संपर्क कर सकता है।