ऑनलाइन बिजली जमा करने पर मिलेगी इतने रुपये की छूट
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन बिजली का बिल जमा करवाने पर उपभोक्ताओं को दस रुपये की छूट मिलेगी। प्रदेश बिजली बोर्ड अगले महीने यानी अप्रैल से कैशलेस भुगतान की सुविधा शुरू करेगा।
हिमाचल में 23 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। विद्युत बोर्ड के उपनिदेशक जनसंपर्क अनुराग पराशर ने कहा कि इससे न केवल उपभोक्ताओं की पैसों की बचत होगी।
उनके बिल जमा करवाने के लिए दफ्तरों में कतारों में खड़े होने का झंझट भी नहीं रहेगा। घर बैठेे अपने बिलों का भुगतान होगा। अप्रैल 2019 से आरंभ होने वाली इस योजना का लाभ प्रदेश के विद्युत उपभोक्ता अगले छह माह तक उठा सकते हैं।
ऐसे कर सकेंगे भुगतान
यह लाभ प्रत्येक उसी उपभोक्ता को प्राप्त होगा जो डिजिटल माध्यम से विद्युत बिल का भुगतान करेंगे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता स्टेट इलैक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड की वेबसाइट पर जाकर बिल की भुगतान कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त पेटीएम, मोबी क्विक, फोन पे, गूगल पे, भीम आदि ऐप सहित विभिन्न बैंकों, जिसमें मुख्य बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई शामिल हैं, इनसे भी आनलाइन भुगतान हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी माध्यम से बिल का आनलाइन भुगतान करने पर उपभोक्ताओं को 10 रुपये की छूट दी जाएगी। अब तक लोकमित्र केंद्रों में बिल जमा करवाने पर उपभोक्ताओं को अतिरिक्त कमीशन देना पड़ता है।