यहां 2272 घरों और दुकानों के बिजली कनेक्शन काटने की तैयारी, जानिए वजह
सरकाघाट क्षेत्र में 2272 घरों और दुकानों के बिजली कनेक्शन काटने की तैयारी है। विद्युत बोर्ड ने ऐसे उपभोक्ताओं की सूचना जारी कर दी है। दरअसल सरकाघाट क्षेत्र में बिजली का बिल अदा न करने वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन कट सकता है। ऐसे लोगों पर बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है।
यदि 29 तक बिलों की अदायगी नहीं की तो बोर्ड अस्थायी तौर पर कनेक्शन काटने की बड़ी कार्रवाई करेगा। डिफाल्टर उपभोक्ताओं को चौदह नवंबर तक बिजली का बिल जमा करवाने की मोहलत थी, लेकिन उपभोक्ताओं ने बिजली का बिल जमा नहीं करवाया है।
बिना किसी पूर्व सूचना के होगी कार्रवाई
जिसे लेकर बोर्ड कार्रवाई कर रहा है। बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक डिफाल्टरों में 36 कामर्शियल और 2236 घरेलू बिजली कनेक्शन धारक हैं। तय समय पर बिजली का बिल अदा न करने के बाद यदि अंतिम तिथि में भी बिजली का बिल जमा नहीं करवाया तो ऐसे उपभोक्ताओं के स्थायी तौर पर बिजली के कनेक्शन कट सकते हैं।
सरकाघाट विद्युत उपमंडल के सहायक अभियंता एसके चंदेल ने इसकी पुष्टि की है। कहा कि इस तिथि तक अगर बिल जमा नहीं करवाए गए तो बिना किसी पूर्व सूचना के ही उनकी विद्युत आपूर्ति काट दी जाएगी और इसके लिए वह स्वयं जिम्मेवार होंगे।