हिमाचल में इस माह से मोबाइल फोन पर मिलेगा बिजली बिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में नवंबर महीने से बिजली बिल मोबाइल फोन पर मिलेंगे। बिजली बोर्ड प्रबंधन हिमाचल में 95 फीसदी बिलिंग को ऑनलाइन करने जा रहा है। इस नई व्यवस्था से हर माह की पांच तारीख तक पता चल जाएगा कि कितनी बिजली खर्च की गई? कितना बिल आया है?
बिल जमा करवाने की आखिरी तारीख क्या है? उपभोक्ता भारत पे बिल एप के जरिये बिजली बिल की अदायगी भी कर सकेंगे। लाखों बिजली उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने वाली इस योजना की शनिवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा तरुण कपूर ने बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस जाकर समीक्षा की।
तरुण कपूर ने बोर्ड के अधिकारियों के निर्देश देते हुए कहा कि तीन महीनों के भीतर प्रदेश में 95 फीसदी बिलिंग ऑनलाइन हो जानी चाहिए। इस योजना को भारत बिल पे सिस्टम से जोड़ा जाना है।
मोबाइल पर घर बैठे ले सकेंगे अपने बिल की जानकारी
इस सिस्टम पर 75 से अधिक बैंक जुड़े हुए हैं। हिमाचल में ऑनलाइन बिलिंग शुरू होने से उपभोक्ता घर बैठे मोबाइल फोन पर अपने बिल से संबंधित जानकारी ले सकेंगे। तरुण कपूर ने कहा कि ऑनलाइन बिलिंग होने से बिजली बोर्ड की आय में इजाफा होगा।
नकदी की उपलब्धता बढ़ने पर बोर्ड को अन्य खर्च करने में मदद मिलेगी। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बोर्ड से संबंधित चल रहे सभी कार्यों की प्रगति समीक्षा भी की।
उन्होंने विद्युत संचार में होने वाली हानियों, मैनपावर, केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने बारे आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
बैठक में बोर्ड के प्रबंध निदेशक जेपी कालटा, निदेशक (वित्त एवं कार्मिक) सुदेश कुमार मोखटा, निदेशक (सिविल) पवन कुमार कोहली, निदेशक (तकनीकी) बीएम सूद, निदेशक (परिचालन) वीपी सिंह, कार्यकारी निदेशक (कार्मिक) राम कुमार गौतम सहित, उपनिदेशक अनुराग पराशर सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।