कथित गैंगरेप केसः पढ़िए बड़े नेताओं के बड़े बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धर्मशाला कॉलेज की छात्रा से कथित गैंगरेप मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है। नेताओं ने इस पर अलग अलग बयान दिए है। धर्मशाला के विधायक और शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कड़ा संज्ञान लिया है। सुधीर ने पुलिस अफसरों के साथ बैठक की।
उन्होंने मामले की जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले का राजनीतिकरण करना दुर्भाग्यपूर्ण है। सोशल मीडिया में मंत्री के भांजे का नाम आने पर उन्होंने कहा कि उनका कोई भांजा नहीं है। उनका कोई रिश्तेदार धर्मशाला कॉलेज में नहीं पढ़ता है।
इस तरह के संदेश फैलाने के पीछे राजनीतिक साजिश लगती है। जनता को भ्रमित करने के लिए ऐसी साजिश लग रही है। उन्होंने कहा कि यदि लोग सहयोग कर महिला का हुलिया बताएं तो पुलिस उसका स्कैच जारी कर सकती है।
बेटा हो या भतीजा, नहीं बख्शा जाएगा
सुधीर ने कहा कि हिमाचल सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। आरोपी किसी का बेटा हो या भाई या फिर भतीजा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में भ्रम फैलाने वाले व्यक्ति चाहे कोई भी हों, उन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में बिना तथ्यों पर आधारित कुछ इनपुट डाले जा रहे हैं। यह सही नहीं है। ऐसे गलत तथ्य पोस्ट करने वालों का पता लगाने के लिए पुलिस को कहा गया है। उन्होंने लोगों, छात्रों और छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि अगर उनके पास इस मामले के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी है तो उसे बताएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत्ती ने सुधीर को घेरा
वहीं, छात्रा से कथित गैंगरेप के मामले में भाजपा ने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए इस मामले में कांग्रेस के मंत्री पर निशाना साधा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने बुधवार को विश्राम गृह में मीडिया से बातचीत में कहा कि धर्मशाला के विधायक होने के नाते सुधीर शर्मा को मामले की पूरी तरह जांच करनी चाहिए।
सत्ती ने कहा कि पुलिस पर इस मामले को दबाने का दबाव है और सही मायने में इस मामले में कितनी सच्चाई है, यह बताने को कोई तैयार नहीं है। सत्ती ने कहा कि धर्मशाला कॉलेज के प्राचार्य से इस मामले में पूछताछ कर शिकायतकर्ता के बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सत्ती ने कहा कि उन्होंने कांगड़ा के भाजपा नेता विपिन परमार, किशन कपूर से इस मामले की जानकारी ली है और उन्हें पूरी सच्चाई जानने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का सीधा मत है कि इस मामले का सच सामने आना चाहिए और कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आ रही जानकारी भी अपने आप में जांच का विषय है, उस पर भी पुलिस को कोई कदम उठाना चाहिए। कॉलेज के रिकॉर्ड से कई बातें सामने आ सकती हैं, उनकी भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
महिला आयोग ने पूछा पुलिस ने क्या जांच की
धर्मशाला में कथित गैंग रेप मामले की जांच राज्य महिला आयोग भी करेगा। आयोग ने बुधवार को राज्य पुलिस से इस मामले में अब तक हुई तहकीकात के बारे में पूछा। आयोग की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि पुलिस ने उन्हें बताया है कि इस बारे में एसआईटी गठित कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि महिला आयोग ने इस मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। जरूरत पड़ी तो आयोग अपने स्तर पर छानबीन करेगा और इसके लिए आयोग की टीम धर्मशाला जाएगी
दुराचारियों को मिले फांसी की सजा
कथित गैंगरेप को लेकर एबीवीपी धर्मशाला इकाई ने बैठक कर इस मामले में अभी तक तथ्य सामने न लाने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। इधर, एनएसयूआई के डिग्री कॉलेज धर्मशाला के परिसर अध्यक्ष पुनीत धीमान ने पत्र सौंपकर एसपी कांगड़ा से मांग की है कि कथित गैंगरेप मामले में उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए।
दबाव में पुलिस, सीबीआई से जांच कराना जरूरी
वहीं, पूर्व मंत्री किशन कपूर ने कथित गैंगरेप मामले में प्रशासन और प्रदेश सरकार पर मिलीभगत से मामले को दबाने का आरोप लगाया है। धर्मशाला में मीडिया से बातचीत में कपूर ने कहा कि पीड़ित के माता-पिता नहीं हैं जबकि आरोपी कुछ राजनेताओं के रिश्तेदार हैं।
इस मामले में पुलिस से न्याय की उम्मीद नहीं है इसलिए सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने इस मामले में बयान दिया कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जाए। ऐसे बयान निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि अगर 24 मई तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा प्रदेश भर में बड़ा आंदोलन करेगी।
पता न लगाया तो प्रदर्शन करेगी आप
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक एवं पूर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत ने प्रदेश सरकार से इस मामले में तथ्यों को सामने लाने की मांग की है। उन्होंने हैरानी जताई कि करीब 100 घंटे बीतने के बाद भी न तो तथाकथित पीड़ित का कोई पता लग पाया है और न ही पुलिस ने कोई कार्रवाई अमल में लाई है।
उन्होंने चेताया कि अगर 48 घंटों के भीतर तथाकथित पीड़ित का कोई अता-पता नहीं लगा और आरोपियों को पकड़ा नहीं गया तो आम आदमी पार्टी धरना-प्रदर्शन से गुरेज नहीं करेगी। अगर न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा तो इससे भी पीछे नहीं हटेंगे।
सामने आया सनसनीखेज वीडियो
विश्व हिंदू परिषद ने धर्मशाला महाविद्यालय की छात्रा के साथ हुए कथित दुष्कर्म की कड़ी निंदा की है। परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री मनोज कुमार ने कहा कि देवभूमि में ऐसी घटनाएं प्रदेश की संस्कृति के लिए कलंक हैं। उन्होंने कहा कि दुराचारियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
कथित गैंगरेप के बाद कॉलेज की ही एक छात्रा वीडियो सामने आ गया है। कॉलेज की यह छात्रा कैमरे के सामने पूरी घटना बता रही है। बुधवार को यह वीडियो सोशल साइट्स पर खूब वायरल हुआ। इस वीडियो में कॉलेज की छात्रा ने कैमरे के सामने बताया कि 16 मई को पीड़ित छात्रा की बहन कॉलेज में आई थी।
बहन ने कॉलेज आकर सबसे पहले कॉलेज प्रिंसिपल को सारे घटनाक्रम से अवगत करवाया और शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की, लेकिन इस दौरान प्रिंसिपल ने उसे बाहर बैठने और इस मुद्दे पर बाद में बात करने की बात कही। इसके बाद बहन रोती हुई कॉलेज क्लास में आई। जब कॉलेज की छात्राओं ने उससे रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि करीब चार या पांच लड़के कॉलेज में आए थे और उसकी बहन के साथ छेड़खानी और दुराचार किया गया।
वीडियो में बताया गया है कि बहन दिल्ली में रहती है और घटना का पता चलने के बाद सीधे धर्मशाला डिग्री कॉलेज में आई। इसके बाद प्रिंसिपल से मामले की शिकायत की। वीडियो में उक्त छात्रा ने बताया है अब पीड़िता कहां हैं, इसके बारे में किसी को कुछ भी पता नहीं। कॉलेज छात्रा ने यह भी बताया कि पीड़िता की शिकायत लेकर वह कालेज प्रिंसिपल से भी मिले हैं। सोशल साइट्स और व्हाट्सऐप पर यह वीडियो काफी वायरल हो चुका है और अब लोग पुलिस प्रशासन और सरकार से मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।