धर्मशाला: क्षेत्ररक्षण करते श्रीलंका कप्तान शनाका की अंगुली में चोट, अस्पताल में करवाया इलाज
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में सीरीज के अंतिम मैच में क्षेत्ररक्षण करते हुए श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका चोटिल हो गए। उनकी एक्स-रे रिपोर्ट टीम के आधिकारिक चिकित्सक को दी गई। रिपोर्ट के अनुसार दासुन के दाएं हाथ की अंगुली में फ्रेक्चर पाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में सीरीज के अंतिम मैच में क्षेत्ररक्षण करते हुए श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका चोटिल हो गए। उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कांगड़ा पुलिस ने रात 11 बजे बालाजी अस्पताल कांगड़ा पहुंचाया। रेडियोलॉजिट डॉ. प्रतीक की देखरेख में एक्स-रे टेक्नीशियन समेत अन्य स्टाफ का तुरंत रेपिड कोविड टेस्ट करवाया गया। श्रीलंका क्रिकेट के कप्तान दासुन शनाका की एक्स-रे रिपोर्ट टीम के आधिकारिक चिकित्सक को दी गई। रिपोर्ट के अनुसार दासुन के दाएं हाथ की अंगुली में फ्रेक्चर पाया गया है। हालांकि, चोट हल्की है। उन्हें 72 घंटे के आराम की सलाह दी गई।
धर्मशाला से मोहाली के लिए रवाना हुईं भारत और श्रीलंका की टीमें
उधर, धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में दो टी-20 मैच खेलने के बाद सोमवार को भारत और श्रीलंका की टीमें मोहाली के लिए रवाना हो गईं। 4 मार्च को मोहाली में भारत-श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। सोमवार को सुबह साढ़े 11 बजे श्रीलंका और भारतीय टीम दोपहर एक बजे मोहाली के लिए रवाना हुई। इस दौरान भारतीय टीम के खिलाडि़यों ने कांगड़ा हवाई अड्डे पर धौलाधार की पहाडि़यों के साथ तस्वीरें भी लीं। धर्मशाला स्टेडियम में 26 और 27 फरवरी को दो टी-20 मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्जकर सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।
देवता इंद्रुनाग का आभार जताने पहुंचे अरुण धूमल
वहीं, धर्मशाला स्टेडियम में भारत-श्रीलंका के बीच दो टी-20 मैचों के सफल आयोजन के बाद बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरुण धूमल और एचपीसीए निदेशक संजय शर्मा सोमवार को खनियारा स्थित इंद्रुनाग देवता मंदिर पहुंचे। दोनों ने देवता के मंदिर में पूजा की और मौसम साफ रखने के लिए देवता का आभार जताया। 26 जनवरी को मौसम विभाग ने चेतावनी दी थी कि बारिश हो सकती है। मैच से पहले पूजा-अर्चना के बाद देवता के गूर ने कहा था कि बारिश नहीं होगी। दोनों मैचों में बारिश नहीं हुई। हालांकि, इस दौरान प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम खराब रहा। अरुण धूमल ने कहा कि जहां प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो रही थी। वहीं, देवता की कृपा से धर्मशाला में बारिश थम गई और दोनों मैच सफलतापूर्वक हुए। देवता की विशेष कृपा रही, जिसके चलते मैचों में कोई बाधा नहीं आई।