परिसीमन विधेयक: विधायक बढ़े तो नए विधानसभा भवन की होगी जरूरत, हेरिटेज भवन में विस्तार की सीमाएं
शिमला स्थित मौजूदा विधानसभा के काउंसिल चेंबर में फिलहाल 72 विधायकों के बैठने की व्यवस्था है। ऐसे में प्रस्तावित 50 फीसदी सीट वृद्धि लागू होने पर 30 अतिरिक्त विधायकों के लिए जगह की व्यवस्था करनी होगी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सीटों की संख्या 68 से बढ़कर 102 होने की स्थिति में नए विधानसभा भवन की जरूरत पड़ सकती है। शिमला स्थित मौजूदा विधानसभा के काउंसिल चेंबर में फिलहाल 72 विधायकों के बैठने की व्यवस्था है। ऐसे में प्रस्तावित 50 फीसदी सीट वृद्धि लागू होने पर 30 अतिरिक्त विधायकों के लिए जगह की व्यवस्था करनी होगी। वहीं, मौजूदा भवन हेरिटेज श्रेणी में होने के कारण इसकी मूल संरचना में बदलाव करना आसान नहीं होगा। नए भवन के निर्माण पर अरबों रुपये खर्च होने का अनुमान है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर के अनुसार, यदि सीटों में 10 से 15 की बढ़ोतरी होती है तो मौजूदा भवन में अतिरिक्त सदस्यों को समायोजित किया जा सकता है। इससे अधिक सीटें बढ़ने पर नए भवन की जरूरत पड़ेगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राधारमण शास्त्री ने कहा कि सीटों में वृद्धि के बाद नया भवन बनाना पड़ा तो इस पर अरबों रुपये खर्च हो सकते हैं। पूर्व विधानसभा सचिव सुंदर सिंह वर्मा ने भी बताया कि काउंसिल चेंबर की क्षमता 72 सदस्यों की है। हेरिटेज भवन होने के कारण इसकी मूल संरचना से छेड़छाड़ संभव नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी परिसीमन के बाद सीटें बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था करने की बात कह चुके हैं।
वेतन, पेंशन और सुविधाओं पर बढ़ेगा खर्च
34 अतिरिक्त विधायकों के वेतन, भत्तों, आवास, यात्रा और अन्य सुविधाओं पर सरकार को अतिरिक्त बजट खर्च करना होगा। पूर्व विधायकों की पेंशन का वित्तीय भार भी बढ़ेगा। नए भवन और कार्यालयों के निर्माण का खर्च अलग होगा।
2029 से नई व्यवस्था की संभावना
वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल जनवरी 2028 में पूरा होगा। अगला चुनाव 2027 में प्रस्तावित है। यदि सीट वृद्धि 2029 से लागू होती है तो 2032 के विधानसभा चुनाव में बढ़ी हुई सीटों के अनुसार व्यवस्था करनी पड़ सकती है। इससे सरकार को नए भवन की योजना और निर्माण के लिए समय मिल सकता है।
तपोवन में भी विधानसभा परिसर
शिमला के अलावा धर्मशाला के तपोवन में विधानसभा परिसर है, जिसका निर्माण 2006 में हुआ था। यहां शीतकालीन सत्र आयोजित होते हैं। हालांकि, 102 विधायकों की जरूरत के लिहाज से इस परिसर की क्षमता और सुविधाओं का भी आकलन करना होगा।
