यमुना की बाढ़ में नहीं डूबेंगे दिल्ली और उत्तर प्रदेश
सूबे के सिरमौर में प्रस्तावित रेणुका बांध, हिमाचल-उत्तराखंड की सीमा पर किशाऊ बांध और लखवाड़ बांध परियोजनाएं देश के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों को बरसात के दिनों में यमुना की बाढ़ से निजात मिल सकेगी।
इन परियोजनाओं में कई झीलें भी बनाई जाएंगी जिससे खेतों और पीने के लिए पानी मिल सकेगा। हालांकि, इन परियोजनाओं को तैयार करने में अभी पांच से छह साल का वक्त लगेगा।
उल्लेखनीय है कि ऊपरी यमुना बेसिन की सहायक नदियों में प्रस्तावित बांध बरसात में यमुना के जल प्रवाह को नियंत्रित करेंगे। उत्तरकाशी के यमुनोत्री से निकलने वाली यमुना की कई सहायक नदियां हैं।
इनका पानी बरसात में यमुना में मिलकर जल प्रवाह को बढ़ा देता है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हो जाते हैं। सहायक नदियों पर बनने वाले बांधों से निर्धारित मापदंड के अनुसार पानी छोड़ा जाएगा, जिससे बाढ़ जैसे हालात से बचा जा सकेगा।
रेणुका बांध गिरि नदी पर बनाया जा रहा है। गिरि का पानी यमुना में मिलकर जल प्रवाह को बढ़ाता है। लेकिन बांध बनने के बाद पानी भरने के लिए एक से डेढ़ वर्ष का समय लग जाएगा।
यानी डेढ़ वर्ष तक गिरि नदी का नाममात्र पानी ही यमुना में जाएगा। इसी प्रकार हिमाचल-उत्तराखंड की सीमा पर टोंस नदी भी यमुना में मिलती है। इस नदी पर किशाऊ बांध बाढ़ नियंत्रण में कारगर साबित होगा।
क्या है परियोजनाओं की स्थिति
श्री रेणुका बांध परियोजना : जल भंडारण क्षमता करीब 50 करोड़ क्यूबिक मीटर, 145 मीटर ऊंचे बांध का निर्माण होने से 21 किलोमीटर लंबे सागर का निर्माण, 40 मेगावाट बिजली उत्पादन
किशाऊ बांध : 660 मेगावाट बिजली उत्पादन, हिमाचल-उत्तराखंड की इस साझा परियोजना की जल भंडारण क्षमता 236 मीलियन क्यूबिक मीटर है जबकि 33 किलोमीटर लंबे बांध का होगा निर्माण लखवाड़ बांध : 300 मेगावाट बिजली उत्पादन होगा। 192 मीटर ऊंचे बांध से 165 मीटर लंबी झील का निर्माण होगा
पानी के नियंत्रण को ऊपरी यमुना रिवर बोर्ड बनाया गया है। इन बांधों के निर्माण का मुख्य उद्देश्य बाढ़ नियंत्रण और मैदानी क्षेत्रों को पानी मुहैया करवाना है। परियोजना में निर्धारित मानक के अनुसार पानी छोड़ा जाएगा। जल का यह प्रवाह सर्दी, गर्मी और बरसात में एक जैसा रहेगा। - रामपाल शर्मा, रेणुका बांध परियोजना के डीजीएम
