ऐतिहासिक नरसिंह मंदिर से लाखों की मूर्तियां चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के गृहक्षेत्र में पुलिस थाना रामपुर से महज सौ मीटर से भी कम दायरे के अंदर ही देर रात चोरों ने भीमाकाली न्यास के तहत आने वाले ऐतिहासिक नरसिंह मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़ कर मंदिर से बेशकिमती अष्टधातु की 12 और चांदी की 3 मूर्तियों पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर का मुख्यद्वार बंद होने के कारण चोरों ने एनएच 22 के साथ से ही मंदिर में दबिश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए चोर से मंदिर की घंटी बज गई और मंदिर के पुजारी को जब पता चला तो कमरे से बाहर आकर उसने चोर को सड़क की ओर जाते देखा। अंधेरा होने के कारण चोर की पहचान नहीं हो पाई।
छानबीन में जुटी पुलिस
पुजारी ने साथ रह रहे लोगों को चोरी के बारे में खबर दी और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम और खोजी दस्ते और डॉग स्कवायड ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। गौर हो कि अपर शिमला में नरसिंह जी के दो मंदिर रामपुर और शिंगला में स्थित है।
रामपुर स्थित नरसिंह मंदिर में नरसिंह, हनुमान जी, गरूड़ देव व अन्य देवी देवताओं की लगभग 12 अष्टधातु की छोटी मूर्तियां स्थापित थी। वहीं मंदिर में तीन चांदी की मूर्तियां भी स्थापित थी। हालांकि सुरक्षा की दृष्टि से यदि नजर डाली जाए तो यहां सुरक्षा के कोई भी इंतजाम न होने के कारण चोरों ने चोरी का अंजाम दिया है।
मंदिर के पुजारी राजेश कुमार ने बताया कि देर रात करीब डेढ़ बजे चोर जब मंदिर से चोरी कर भाग रहा था तो उसका सिर मंदिर में लगी घंटी से टकरा गया जिसके बाद पुजारी नींद से जागा और उसने चोर को भागते हुए देखा। जिसकी सूचना उसने पुलिस को दी। उधर, इस बारे में रामपुर पुलिस के डीएसपी सोम दत्त ने बताया कि शिमला से आई पुलिस की एंटी थैफ्ट टीम चोरी की छानबीन में जुट गई है।