पुलिस ने दिल्ली से पकड़ा अंतरराष्ट्रीय चिट्टा तस्कर गिरोह का सरगना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोलन पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय चिट्टा तस्कर गिरोह के सरगना को दिल्ली में गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे सोलन ले आई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लोडरो कोलाब्रिज निवासी दक्षिण अफ्रीका बताया है। हालांकि, आरोपी का पासपोर्ट पुलिस को नहीं मिला है। लिहाजा, इसके सही पते और नाम को लेकर पड़ताल की जा रही है।
यह गिरफ्तारी पिछले दिनों सोलन में 11 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए एक अन्य आरोपी आशुतोष अत्री की निशानदेही पर हुई है। अत्री की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सरगना के खिलाफ जाल बिछाना शुरू किया था।
उसे ट्रैप करने के लिए पुलिस ने आशुतोष के मोबाइल का सहारा लिया। जिस मोबाइल नंबर से आशुतोष कोलाब्रिज से संपर्क कर रहा था, उसी नंबर से पुलिस ने उसे फोन लगाया और तफतीश करते हुए दिल्ली पहुंच गई।
मोबाइल से तस्कर तक पहुंची पुलिस
कोलाब्रिज ने अत्री को छह लाख रुपये का चिट्टा बेचा था। पुलिस ने खुलासा किया है कि आशुतोष खुद भी चिट्टे का आदी है और काफी समय से इसका सेवन कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक मधु सूदन शर्मा ने बताया कि बड़ी मछली हाथ लगी है। जिसकी वजह से हिमाचल पहुंच रहे चिट्टे की जड़ें खोदने में पुलिस कामयाब होगी। आरोपी पूरी तरह से अंग्रेजी में बातचीत नहीं कर पा रहा है।
उसके लिए अनुवादक का इंतजाम किया जा रहा है। आरोपी यहां जिसे भी सप्लाई दे रहा था, अब वे सभी पुलिस के निशाने पर होंगे।