संजौली कॉलेज में खूनी झड़प, पांच छात्र सस्पेंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संजौली कॉलेज में बुधवार दोपहर बाद एससीए चुनाव को लेकर धरना-प्रदर्शन के दौरान किसी बात पर एसएफआई और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। लाठियों से लैस होकर आए बाहरी तत्वों ने एसएफआई के कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया। इसमें दो कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसी बीच हमलावर मौके से भाग गए। कॉलेज प्राचार्य ने बताया कि परिसर के बाहर कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और माहौल शांत हो गया।
वहीं, एसएफआई ने पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस अपने स्तर पर छानबीन कर रही है। एसएफआई के इकाई अध्यक्ष यौवन नेगी और सचिव मुनीष का कहना है कि एनएसयूआई ने बाहरी तत्वों से उनके कार्यकर्ताओं पर हमला करवाया। इसमें उनके दो कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।
प्रदर्शन करने पर पांच सस्पेंड
वहीं, संजौली कॉलेज में फीस बढ़ोतरी और प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव पर लगाई गई रोक के विरोध में परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहे एसएफआई कार्यकर्ताओं की शिक्षकों के साथ नोक झोंक हुई। कॉलेज प्रशासन ने पांच छात्र नेताओं को निलंबित किया है।
कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को रोकने के बावजूद परिसर में प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने कहा कि इस पर कॉलेज की अनुशासन कमेटी ने मनाही के बावजूद परिसर में किए प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पांच छात्र नेताओं को निलंबित करने का फैसला लिया।
इनमें इकाई अध्यक्ष यौवन नेगी और सचिव मनीश के अलावा तीन और कार्यकर्ता शामिल है। प्राचार्य ने कहा कि इन पांचों छात्रों को जल्द कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। प्रदर्शन करने के लिए परिसर में पहुंचे कार्यकर्ताओं को शिक्षकों ने रोका तो उनके बीच कुछ देर नोक झोंक भी हुई।