रिश्ते का भाई बना हैवान, मासूम से किया रेप
छुट्टियां बिताने अपनी बुआ के घर गई मासूम अभी कमरे में बैठकर टीवी देख रही थी कि अचानक एक शख्स वहां आ गया। अकेला पाकर यह पहले तो अश्लील बातें करने लगा फिर छेड़खानी करने लग गया।
मासूम छात्रा यहां से उठकर दूसरे कमरे में चली गई। मगर रिश्ते में भाई लगने वाला ये शख्स वहां भी पहुंच गया। इसने कमरे के दरवाजे की कुंडी बंद कर छात्रा से जबरदस्ती कर दुराचार कर दिया।
मामला हिमाचल के जिला मंडी के सरकाघाट उपमंडल का है। पुलिस ने मासूम छात्रा के बयान दर्ज कर उसकी बुआ की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
बुआ को बताई आपबीती
पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्रा सरकाघाट के एक सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ती है। इन दिनों स्कूल से छुट्टियां होने के कारण ये अपनी बुआ के घर गई थी। सोमवार सुबह बुआ कुछ सामान लेने के लिए बाजार चली गई।
छात्रा घर पर अकेली थी। इसी बीच बुआ की जेठानी का बेटा यहां आ गया। यह जबरदस्ती करने लगा और बाद में दुराचार कर दिया। इसके बाद ये छात्रा को धमकाकर यहां से भाग गया।
बाद में बुआ बाजार से घर लौटी। देखा तो मासूम बच्ची रो रही थी। बुआ ने इसका कारण पूछा।
आरोपी गिरफ्तार, जांच शुरू
सारी सच्चाई जानने के बाद बुआ ने पुलिस में केस दर्ज करवा लिया। फिलहाल पुलिस ने मासूम बच्ची का मेडिकल करवा लिया है। इसके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं।
केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने फरार आरोपी को भी अरेस्ट कर लिया। आरोपी के खिलाफ रेप के अलावा बाल यौन उत्पीड़न की धाराओं के तहत भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।