{"_id":"6b01520c2442579d3a0cc83e","slug":"video-three-accused-arrested-for-robberies-at-two-locations-in-jagraon-a-woman-is-among-them-2026-11-21","type":"video","status":"publish","title_hn":"जगरांव में दो जगहों पर लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार, महिला भी शामिल","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
जगरांव में दो जगहों पर लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार, महिला भी शामिल
जगरांव में कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो दुकानों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक खिलौना पिस्तौल और असली पिस्तौल बरामद किया है। वहीं, वारदात में शामिल चौथा आरोपी करनवीर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजोत सिंह, नेहा निवासी धमोट कलां, जिला लुधियाना और शुभम निवासी शिवाजी नगर, सीएमसी अस्पताल के नजदीक, लुधियाना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नेहा फरार आरोपी करनवीर की मंगेतर है। वहीं, शुभम को उसके परिजनों ने घर से बेदखल कर रखा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर थाना सिटी के एएसआई नरिंदर शर्मा ने पुष्टि की है
असली पिस्तौल मिलने से पुलिस के पुराने दावे पर उठे सवाल
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस के पहले दावे और अब हुई बरामदगी को लेकर सामने आया है। वारदात के बाद पुलिस की ओर से दावा किया गया था कि लुटेरों के पास असली पिस्तौल नहीं, बल्कि खिलौना पिस्तौल थी और उसी से फायर किए गए थे। लेकिन अब आरोपियों से .32 बोर का असली पिस्तौल बरामद होने के बाद पुलिस के शुरुआती दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर वारदात के दौरान असली पिस्तौल का इस्तेमाल हुआ था या नहीं, इसकी जांच महत्वपूर्ण होगी।
सास-बहू ने भी सुनी थी गोली चलने की आवाज
गौरतलब है कि दो दिन पहले शहर में कार सवार बदमाशों ने एक करियाना स्टोर और एक क्लीनिक को निशाना बनाकर लूटपाट की थी। दोनों वारदातों के दौरान बदमाशों ने पिस्तौल से फायर भी किए थे। करियाना स्टोर पर मौजूद सास-बहू ने भी गोली चलने की आवाज सुनने और उससे सहम जाने की बात कही थी। इसके बावजूद पुलिस ने शुरुआती तौर पर हथियार को खिलौना पिस्तौल बताया था। अब असली .32 बोर पिस्तौल की बरामदगी ने इस मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लूट के दौरान किस हथियार का इस्तेमाल किया गया था और बरामद पिस्तौल का वारदात से क्या संबंध है।
यह था पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले अगवाड़ लोपो से नानकसर जाने वाले रास्ते पर स्थित एकज्योत क्लीनिक को निशाना बनाया। ब्रेजा कार में पहुंचे दोनों युवकों ने क्लीनिक में दहशत पैदा करने के लिए गोली भी चलाई इसके बाद वहां से लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जहा पुलिस ने रबड की गोली बता मामला रफा दफा करने की कोशिश की। इस वारदात के बाद बदमाशों ने डिस्पोजल रोड स्थित सिंगला करियाना स्टोर को अपना अगला निशाना बनाया।
उधार पैसे देने वाले का पता पूछने के बहाने दुकान में घुसे
दुकान संचालक मोनिका सिंगला और रीटा सिंगला ने बताया कि वारदात के समय मोनिका अपनी सास के साथ दुकान पर बैठी हुई थी। इसी दौरान दो युवक दुकान में आए। पहले उन्होंने सामान मांगा। कुछ देर बाद बातचीत के दौरान युवकों ने कहा कि उन्हें पैसों की जरूरत है और वे किसी ऐसे व्यक्ति का पता जानना चाहते हैं, जो ब्याज पर पैसे देता हो।
महिलाओं ने जब इस बारे में अनजान होने की बात कही तो दुकान पर मौजूद लड़की ने बताया कि इस संबंध में उसके पिता को जानकारी हो सकती है, जो बाहर खड़े हैं। महिलाओं के मुताबिक, लुटेरो ने देखा कि 5 से 7 मिनट तक जब कोई व्यक्ति दुकान के अंदर नहीं आया तो दोनों युवकों ने अचानक अपनी-अपनी पिस्तौल निकाल ली। एक बदमाश ने पिस्तौल से गोली चला दी जिसकी आवाज से वह इस कदर डर गए कि उन्होंने चुप रहने में अपनी भलाई समझी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से दुकान में बैठी महिलाएं बुरी तरह सहम गईं।
दूसरा बदमाश काउंटर के दूसरी तरफ पहुंचा और गल्ले में रखी नकदी निकाल ली। आरोपी दुकान से बीड़ियों का एक बंडल और माचिस के डिब्बे भी लेकर फरार हो गए। दुकान से करीब 5 से 6 हजार रुपये की नकदी लूटी गई है।
महिलाओं ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश ब्रेजा कार में सवार होकर लंडे फाटकों की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद वे इतनी घबरा गई थीं कि काफी देर तक दुकान से बाहर निकलने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाईं। कुछ समय बाद दुकान पर पहुंची एक महिला ने बताया कि वहां से भाग रहे युवकों ने गोली चलने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में लूट की पूरी वारदात कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी के प्रभारी इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाशों के पास नकली पिस्तौल थीं, जिनसे उन्होंने गोली चलने जैसी आवाज निकालकर दुकानदारों को डराया है लेकिन अब 32बोर की पिस्तोल मिलने से कानून व्यवस्था समेत पुलिस कार्रवाई और जांच को लेकर सवाल खड़े होने लगे है
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।