डलहौजी में दिल्ली के पर्यटक दंपति से लूटपाट
दिल्ली से डलहौजी घूमने पहुंचे पर्यटक दंपति से लूटपाट हुई है। पर्यटक जोड़े ने इस संबंध में डलहौजी थाना में शिकायत दी है। हालांकि उन्होंने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है। लेकिन मामले में आरोपियों के सामने आने पर उन्हें सूचित करने का आह्वान पुलिस से किया है। बताया जा रहा है कि यह दोनों पुहलाणी माता मंदिर के दर्शनों के लिए गए हुए थे।
वापस लौटते वक्त किसी युवक ने महिला के हाथ से पर्स छीन लिया और फरार हो गया। पर्स में 30 हजार रुपये की नकदी और दो सोने की चेन थी जिनकी कीमत 90 हजार रुपये थे। घटना के बाद दंपति दहशत में थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस थाना डलहौजी को दी जिसके बाद पुलिस जवान मौके पर आरोपियों की धरपकड़ करने गए लेकिन उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिल पाई।
कानूनी कार्रवाई से किया इंकार
दंपति ने डलहौजी पहुंचने के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। दंपति ने कानूनी कार्रवाई से दूर रहने के लिए अपना नाम नहीं दिया है। पुलिस ने वारदात सामने आने के बाद पर्यटक स्थलों की चौकसी बढ़ा दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएसपी डलहौजी संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि पर्यटकों की शिकायत मिलने के बाद चौकसी बढ़ाई गई है। मामले में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पकड़े जाने पर उनसे बरामदगी की जाएगी और उसके बाद पुलिस इसकी सूचना पीड़ित पर्यटकों को देगी। पुलिस ने दोनों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। पुलिस संदिग्ध जगहों पर आने वाले दिनों में नियमित रूप से छापामारी करेगी।