गर्भवती ने तड़प तड़प कर तोड़ा दम, डाक्टर फरार
ऊना के हरोली के बाथड़ी स्थित एक निजी अस्पताल में चिकित्सक की लापरवाही से उपचार के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई है।
घटना के बाद से आरोपी डाक्टर फरार है। उसकी धरपकड़ को पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी डाक्टर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। डाक्टर की पहचान गिरधारी लाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दुलैहड़ निवासी प्रवीण कुमारी पत्नी सुनील का पांच माह से बाथड़ी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
ऑपरेशन के दौरान हुई लापरवाही
दो दिसंबर को महिला के परिजन उसे चेक करवाने निजी अस्पताल ले गए, जहां गर्भवती महिला को डाक्टर ने अस्पताल में दाखिल कर लिया। तीन दिसंबर को डॉक्टर ने महिला का अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए गढ़शंकर के लिए भेजा।
अल्ट्रासाउंड करवाने के बाद डाक्टर ने रिपोर्ट चेक कर महिला और बच्चे को नॉर्मल बताया। इसी दिन शाम के समय महिला की हालत बिगड़ने पर डाक्टर उसे ऑपरेशन थियेटर में ले गया और काफी देर तक परिजनों को स्थिति ठीक बताता रहा।
दर्द से तड़पती रही महिला, डाक्टर हुआ फरार
लेकिन महिला दर्द से जोर-जोर से चिल्ला रहा थी। इस दौरान परिजनों ने डाक्टर से कई बार पूछा यदि उनसे इलाज नहीं हो रहा है, तो वह महिला को कहीं ओर ले जाते हैं। लेकिन डाक्टर ने परिजनों की बातों को दरकिनार कर दिया।
इसी बीच कुछ देर के बाद डाक्टर ने परिजनों को महिला की तबीयत ठीक न होने की बात कही और कहीं और दिखाने को कहा। डाक्टर अचानक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
जब परिजनों ने गर्भवती महिला को देखा, तो डाक्टर लापरवाही की वजह से वह दम तोड़ चुकी थी। एसपी अनुपम र्श्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी डाक्टर गिरधारी लाल के खिलाफ धारा 336, व 304 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।