8 करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करीब आठ करोड़ की एक बड़ी ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शातिर आरोपियों को पंजाब के मोहाली में दबोच लिया गया है। इनमें से एक आरोपी को जिला मोहाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
दोनों शातिरों पर हिमाचल के ऊना जिला के हरोली थाना में आदित्य बिड़ला फाइनांस कंपनी के साथ आठ करोड़ की ठगी का केस दर्ज है। मोहाली फेस-10 के निवासी साहिल और अमरिंद्र गुरबारा ने कई बड़ी ठगी को अंजाम दिया था।
हिमाचल और पंजाब में कई तरह की धोखाधड़ियों को अंजाम देने वाले इन दोनों शातिरों की हिमाचल विजिलेंस को पिछले छह माह से तलाश थी। मंगलवार को मोहाली पुलिस ने आरोपियों को उनके गृह जिला से धर दबोचा, लेकिन इनमें से अमरिंद्र गुरबारा मौके से फरार होने में कामयाब रहा है।
ऐसे की थी ठगी
दोनों आपस में भाई बताए जा रहे हैं, जिनके नाम पर टाहलीवाल में एक उद्योग के लिए जमीन भी आवंटित है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ट्रैक्टर के स्पेयर पार्ट्स का काम करते हैं।
उक्त दोनों आरोपियों ने होशियारपुर स्थित एक निजी कंपनी के नाम पर जाली दस्तावेज और मुहरें तैयार कर ऊना में आदित्य बिड़ला फाइनांस के कार्यालय में आठ करोड़ के लोन के लिए आवेदन किया। आदित्य बिड़ला फाइनांस की ओर से कंपनी अधिकारी महेश पराशर ने इस बाबत हरोली थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
इसके बाद इस केस को विजिलेंस के सुपुर्द कर दिया गया। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि इस केस को बाद में विजिलेंस को सौंप दिया गया था। वहीं, एसपी विजिलेंस नार्दर्न जोन विमल गुप्ता ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिमाचल विजिलेंस पूछताछ के लिए जल्द रिमांड पर लेगी।