बहस के बाद तैश में आकर दोनाली बंदूक से चला दी गोली, युवक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले बहस और फिर सीधे गोली। जी हां दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुई मामूली बहसबाजी एक की मौत पर खत्म हुई। मामला जिला बिलासपुर के स्वारघाट का है।
स्वारघाट में शनिवार रात बहस के बाद एक युवक ने तैश में आकर गोली मारकर दूसरे की जान ले ली। वारदात नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टाली के गांव जकातखाना की है। शनिवार रात की वारदात का पता रविवार सुबह चला।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से मिले सुराग पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि हिरासत में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। मृतक की पहचान चालक दीपक कुमार (21) निवासी जकातखाना के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनाली बंदूक, चला हुआ कारतूस और गन पाउडर बरामद कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसपी बिलासपुर अंजुम आरा के अनुसार यह वारदात शनिवार रात 9.30 से 10 बजे के बीच की है।
ऐसे सामने आया मामला
लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी लेकिन जंगली जानवरों पर गोली दागे जाने का अनुमान लगाकर किसी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं की। रविवार सुबह दीपक का शव उसके घर के नजदीक से बरामद हुआ। उसकी जांघ पर बिलकुल नजदीक से गोली लगी थी और घाव वाला हिस्सा उड़ चुका था।
प्रथम दृष्टया इस युवक की मौत खून ज्यादा बह जाने से हुई है। लोगों से जब पूछा गया तो पता चला कि दीपक कुमार को पिछली रात टाली पंचायत के ही बलदेव के साथ देखा गया था। पुलिस ने गांव में दबिश देकर बलदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया।
उसने बताया है कि बहस के दौरान आवेश में आकर उसने दीपक को गोली मार दी। उधर, रविवार को मृतक दीपक के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेज दिया गया है। एसपी अंजुम आरा के अनुसार बहस की मुख्य वजह को लेकर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।