भूमि विवाद में चला दी गोली, घायल व्यक्ति पीजीआई रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पशुओं को खेत से ले जाने पर चल रहे विवाद में आपा खोकर एक बुजुर्ग ने ग्रामीणों पर गोली चला दी। उपमंडल बंगाणा के गांव नरूंह में वीरवार की सुबह हुई इस वारदात में एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया।
जबकि एक महिला मौके पर बेहोश हो गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल व्यक्ति के शरीर पर 15 छर्रे लगे थे, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि निजी खेत से पशु ले जाने का यह विवाद लंबे समय से चल रहा था। वीरवार को विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक नरूंह गांव के लोग अपने पशुओं को चराने के लिए गोबिंदसागर झील में ले जाते हैं। गांव के पास ही आरोपी बिशनदास का एक मलकीयत खेत है, जिसमें से होकर गांव वालों के पशु झील तक पहुंचते हैं।
यहां जानिए क्या है गोली चलाने की असली वजह
बिशनदास ग्रामीणों को अपने खेत में से जानवरों को ले जाने से मना करता था। इसी को लेकर चल रहा विवाद कोर्ट में भी पहुंच चुका है। वीरवार सुबह भी कुछ ऐसा ही हुआ। बिशनदास ने अपने खेत में चारों ओर से बाड़ लगा दी थी।
सभी गांव वाले इकट्ठे हुए और बाड़ के पास जाकर अपने पशुओं को बाड़ उठाकर ले जाने लगे। इतने में वहां पर पहले से ही खड़े बिशनदास ने अपनी लाइसेंसी टोपीदार बंदूक से फायर कर दिया।
इसकी चपेट में आने से गांव के मनोहर लाल (45) को छाती व कंधे पर गोली के 15 छर्रे लग गए। उसे तुरंत 108 से सीएचसी बंगाणा ले जाया गया। जहां पर डॉ. अतुल राणा ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया।
बाद में घायल को पीजीआई रेफर कर दिया गया। वारदात के दौरान गोली की आवाज सुनकर वहां मौके पर मौजूद 40 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी रामदास भी बेहोश होकर गिर गई।
महिला का सीएचसी बंगाणा में इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी विनोद ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज कर आगामी छानबीन की जा रही है।