आखिर शिमला में किसने सिर को धड़ से अलग किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला एक और निर्मम हत्या के मामले से कांप उठी है। मामला टूटीकंडी आईएसबीटी के नजदीक एक युवक का कत्ल कर दिया गया। कातिल ने युवक का सिर धड़ से काटकर अलग फेंका है।
लाश को सड़क से नीचे झाड़ियों में फेंका था। पुलिस को युवक का सिर धड़ से करीब सौ फुट दूर नाले के पास मिला। अभी युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
पर्स मिला है लेकिन उसमें केवल एक छोटी चाबी थी। पैसा गायब है और न ही पहचान संबंधी दूसरा कोई दस्तावेज था। युवक की उम्र 28 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।
युवक की पहचान के लिए सभी थानों को अलर्ट
शव एक से दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना बालूगंज में कत्ल का मुकदमा कायम किया है। पुलिस को मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे किसी ने फोन कर कहा कि आईएसबीटी के पास नाले में बहुत सारे आवारा कुत्ते हैं।
उन्हें अंदेशा है कि यहां कुछ न कुछ जरूर कोई अनहोनी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम डीएसपी सिटी बलबीर सिंह के साथ मौके पर पहुंची। बालूगंज पुलिस सड़क से करीब चालीस पचास कदम नीचे उतरी तो उन्हें झाड़ियों के बीच एक सिर कटी लाश मिली। आसपास काफी कुत्ते घूम रहे थे। यह पैदल रास्ता पांजड़ी गांव के लिए जाता है।
सिर की तलाश में जब पुलिस नाले की तरफ उतरी तो वहां भी कुत्तों का एक झुंड घूम रहा था। नाले में उतरकर सिर भी बरामद कर लिया गया लेकिन इसके चेहरे की पहचान कर पाना मुमकिन नहीं था। जानवर इसे नोंच चुके थे। युवक की पहचान करने के लिए सभी थानों को अलर्ट किया है। सभी थानों से एक हफ्ते के भीतर दर्ज हुए किसी युवक की गुमशुदगी के मामलों की रिपोर्ट भी तलब की है।
कातिल के गले तक पहुंचा सकता है ये विजिटिंग कार्ड
युवक की जेब से पर्स के अलावा एक विजिटिंग कार्ड मिला है। यह विजिटिंग कार्ड एक मोबाइल रिपेयर की दुकान का है। यह एक मात्र ऐसा क्लू है जिसके आधार पर पुलिस युवक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
अंदेशा जताया जा रहा है कि हाल ही में युवक ने अपना मोबाइल रिपेयर के लिए दिया हो। इसके पास से मोबाइल भी बरामद नहीं हुआ है।
युवक ने सफेद रंग के स्पोर्ट्स शूज पहने हैं। जूतों में दोनों तरफ नीली धारियां हैं। युवक ने काली जुराबें पहन रखी हैं। कपड़े की पेंट और काला स्वेटर पहना है। नीली और काले रंग की धारियों वाली सिर की टोपी भी बरामद हुई है।
हो सकता है कोई ड्राइवर कंडक्टर
अंदेशा जताया जा रहा है कि यह युवक पेशे से कोई ड्राइवर या कंडक्टर हो। जिस कलर की पेंट युवक ने पहन रखी है, इस तरह की वर्दी की पेंट ड्राइवर और कंडक्टर की रहती है। पुलिस पूछताछ कर रही है लेकिन अब तक ऐसी कोई पुख्ता सूचना पुलिस को नहीं मिली है।
इन बिंदुओं पर हो रही है जांच
हत्यारे ने पहले युवक का सिर धड़ से अलग किया। चेहरे को बुरी तरह से कुचल दिया ताकि यह पहचान में न आए। बचने की कोशिश पूरी। कत्ल की साजिश में एक से अधिक लोग हो सकते हैं।
शव अधिक पुराना नहीं है। धड़ करीब-करीब सुरक्षित है। इसे जंगली जानवरों ने भी नहीं नोचा। पुराना होता तो धड़ को जानवर नोच लेते। लिहाजा वारदात एक-दो दिन पहले हुई है।
कातिल ने पहचान संबंधी कोई भी चीज वारदात स्थल पर नहीं छोड़ी। मोबाइल गायब है और पर्स में पैसा भी नहीं है। कहीं लूट के इरादे से तो कत्ल नहीं किया गया यह भी जांच का अहम पहलु है।
कत्ल से पहले अगर युवक आईएसबीटी आया होगा तो वहां अड्डे पर लगे 12 सीसीटीवी कैमरों में कैद तस्वीरों से साफ हो सकता है कि युवक के साथ कौन लोग थे। लिहाजा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस खंगाल सकती है।
एक माह के भीतर कत्ल की दूसरी बड़ी वारदात
सुन्नी में 18 दिसंबर को दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली कार का मामला भी हत्या का ही निकला था। शिकार खेलने गए युवकों ने कत्ल हुए हरीश का सिर धड़ से अलग करके सतलुज नदी में फेंक दिया था।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया था कि घटना वाले दिन उन्होंने हरीश का सिर धड़ से अलग करके सतलुज नदी में फेंक दिया था। धड़ एक बोरी में भरकर उसी की कार में रखकर गाड़ी को भी सतलुज में धकेल दिया। सिर आज तक पुलिस को नहीं मिला है।
पुलिस ने कत्ल के आरोप में ठियोग इलाके के रहने वाले विकास और शकरोड़ी सुन्नी के रहने वाले योगराज को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने बताया था कि यह तीनों शकरोड़ी के साथ लगते जंगल में शिकार खेलने गए थे।
यह ब्लाइंड मर्डर है: एसपी
एसपी डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि यह एक ब्लाइंड मर्डर है। इस मामले में पुलिस स्टेशन बालूगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए हैं। मामले की तफ्तीश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।