कारोबारी की हत्या के मुख्य आरोपी ने हाईकोर्ट में किया सरेंडर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के ऊना जिले के गगरेट के कारोबारी कश्मीर सिंह की हत्या मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी ने शिमला स्थित हाईकोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया है। आरोपी की पहचान गगरेट निवासी विशाल के रूप में की गई है। वहीं, ऊना पुलिस की एक टीम को आरोपी को शिमला से ऊना लाने के लिए भेज दिया है।
ऊना लाए जाने के बाद शुक्रवार को पुलिस आरोपी को स्थानीय कोर्ट में पेश करेगी। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा। इसी केस में पंजाब के होशियारपुर निवासी दो आरोपी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। अभी तक कश्मीर सिंह की हत्या का मामला पहेली बना हुआ है।
विशाल के पुलिस हिरासत में आने के बाद इस केस की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है। गौरतलब है कि 25 मार्च की रात शिवबाड़ी के पास कांप्लेक्स और दुकान चलाने वाले कश्मीर सिंह को उनकी ऑल्टो कार के साथ उस वक्त अपहरण कर लिया गया था, जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए दायर कर रखी थी याचिका
दूसरे दिन कश्मीर सिंह का शव गगरेट स्थित पंजाब सीमा के पास एक खाई से बरामद किया गया था। जबकि, शातिर हत्यारोपी कश्मीर सिंह की कार, अंगुठियां और नकदी लेकर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस को मृतक की कार को होशियारपुर में ही आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को बेचे जाने की सूचना मिली।
इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पंजाब के होशियारपुर निवासी दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। ये दोनों आरोपी मुख्य आरोपी विशाल के पास काम करते हैं। पूछताछ में दोनों ने कश्मीर सिंह की हत्या के संबंध में कई राज उगलते हुए अपने मालिक विशाल के इशारे पर सब कुछ किए जाने की बात कबूली थी।
वहीं, मामले के बाद से फरार चल रहे विशाल ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर कर रखी थी जो पिछले दिनों खारिज कर दी गई थी। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि विशाल ने हाईकोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया है। पुलिस टीम को उसे ऊना लाने के लिए भेज दिया गया है। शुक्रवार को ऊना लाकर आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।