हत्या से पहले और बाद में बेटे ने मां से किया दुष्कर्म
हिमाचल के चंबा जिले में रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। बेटे ने हत्या से पहले और हत्या के बाद दो बार मां से दुष्कर्म किया। चंबा जिले के होली में महिला की हत्या की वजह पुलिस पूछताछ में साफ हो गई है। हत्यारोपी चुनी लाल उर्फ कमल ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने हत्या से पहले और हत्या के बाद दो बार मां से दुष्कर्म किया था।
वह अपनी ही मां के साथ जबरदस्ती करना चाहता था जिसका विरोध करने पर उसने कांच की बोतल से मां पर हमला कर दिया। इस हमले के बाद उसकी मां दर्द से तड़पती रही और वह अपनी मंशा पूरी करता रहा जिसके थोड़ी देर बाद मां की मौत हो गई। आरोपी के इस बयान को पक्का करने के लिए अब पुलिस महिला का पोस्टमॉर्टम विशेषज्ञ चिकित्सक से करवाना चाह रही है।
बाजार में खून से सने कपड़ों में घूम रहा था आरोपी
रविवार को छुट्टी की वजह से चंबा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हो पाया और शव को टांडा रेफर कर दिया गया। आरोपी युवक के इस कबूलनामे पर पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट की मुहर लगना अभी बाकी है। जबकि पुलिस ने शक के आधार पर हिरासत में लिए गए दूसरे युवक को रिहा कर दिया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात को होली में एक युवक ने अपनी मां का कत्ल कर दिया था। हत्या के बाद यह युवक खून से सने कपड़ों में बाजार में घूम रहा था। जिस पर शक के चलते स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान खून से सना हुआ महिला का शव बिस्तर से बरामद किया।
नशे का आदि था, पहले भी कर चुका था मां पर कई बार हमला
पुलिस महिला का पोस्टमार्टम भरमौर में करवाना चाहती थी लेकिन चिकित्सकों का पैनल पूरा न होने की वजह से शव को चंबा रेफर कर दिया गया। लेकिन क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में भी रविवार को चिकित्सकों का पैनल पूरा नहीं हो पाया। जिसके बाद महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेज दिया गया है। जबकि आरोपी से पुलिस लगातार मामले के संबंध में पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक नशे का आदि था और पूर्व में भी अपनी मां पर कई बार हमला कर चुका है।
जिसमें उसके खिलाफ मामले दर्ज हुए हैं। आरोपी को चोरी के एक मामले में सजा भी हुई थी। उधर, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि पुलिस ने मौके से सभी साक्ष्य जुटा लिए हैं। महिला का पोस्टमॉर्टम चंबा में नहीं हो पाया है। शव को टांडा भेजा गया है जहां से विशेषज्ञ की रिपोर्ट के आधार पर केस आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी युवक से लगातार पूछताछ कर रही है।