शिमला रेप केसः इलाज के लिए फिर आईजीएमसी पहुंचे आईजी जैदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़िया प्रकरण से जुड़े लॉकअप हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में चल रहे निलंबित आईजी जहूर हैदर जैदी सोमवार को आईजीएमसी शिमला पहुंचे। इन अस्पताल में इन्हें दोपहर दो बजे के करीब लाया गया। उनके साथ एक कांस्टेबल भी अस्पताल में पहुंचाया गया।
दोनों का डॉक्टरों ने उपचार किया। इसके बाद उन्हें वापस कंडा जेल ले जाया गया है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने आईजी जहूर एच जैदी के आने की पुष्टि की है। डॉक्टर रमेश चंद ने बताया कि रूटीन टेस्ट के लिए उन्हें अस्पताल लाया गया था।
टेस्ट के बाद उन्हें वापस ले जाया गया। सूत्रों की मानें तो कंडा जेल में न्यायिक हिरासत में चल रहे आईजी जैदी का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया। उन्हें बुखार होने की बात कही जा रही है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि उनका रूटीन टेस्ट होना है, इसलिए उन्हें लाया गया है।
टेस्ट के बाद उन्हें भेज दिया गया है। इसके अलावा हिरासत में चल रहे कांस्टेबल सूरत को भी अस्पताल लाया गया। उसे भी इलाज के बाद वापस भेज दिया गया है।
सीबीआई ने फिर डाला महासू में डेरा
गुड़िया मामले की छानबीन कर रही सीबीआई ने महासू क्षेत्र के बानकुफर स्थित वन विभाग के विश्रामगृह में फिर डेरा डाल दिया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने सोमवार को भी तीन लोगों के ब्लड सैंपल भी लिए हैं।
गुड़िया प्रकरण के दौरान हुए टूर्नामेंट में महासू स्कूल में बाहर के स्कूलों से आए शारीरिक शिक्षकों से भी सीबीआई कड़ी पूछताछ कर रही है।
गुड़िया से दुराचार और उसके कत्ल के बाद आरोपियों को तलाशने में जुटी सीबीआई की टीम वन विभाग के रेस्ट हाउस में अब दोबारा बेस कैंप लगा चुकी है।
सीबीआई की टीम ने सोमवार को तीन लोगों को कोटखाई अस्पताल बुलाकर उनके खून के नमूने लिए। गुड़िया हत्याकांड के दौरान महासू स्कूल में बच्चों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता चल रही थी।
उस वक्त कई स्कूलों के बच्चे, उनके अभिभावक और शारीरिक शिक्षक भी यहां मौजूद रहे। महासू स्कूल के शिक्षकों और गुड़िया के साथ स्कूल जाने वाले बच्चों से भी यहां कई बार पूछताछ की जा चुकी है। पूछताछ का क्रम चला ही हुआ है।
सूत्र बताते हैं कि सीबीआई की टीम को अभी तक गुड़िया हत्याकांड के पुख्ता सबूत हाथ नहीं लग पा रहे हैं। गुड़िया कांड के बाद चार महीने का वक्त निकल चुका है। सीबीआई इस मामले की लगातार छानबीन कर रही है।