व्हाट्सऐप पर दोस्ती कर दिया शादी का झांसा, घर बुलाकर किया रेप
व्हाट्सऐप पर दोस्ती करने के बाद एक शादीशुदा शख्स ने खुद को कुंवारा बनाकर एक युवती से दुराचार कर डाला। युवती को जब इसका पता चला तो उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ग्वालथाई में ब्लीचिंग पाउडर कंपनी का मालिक है। पुलिस में दर्ज शिकायत में युवती ने बताया कि नौ महीने पूर्व आरोपी से उसकी व्हाट्सएप पर दोस्ती हुई।
इस दौरान आरोपी ने उसे विवाह का झांसा दिया। बाद में उससे शारीरिक संबंध भी बना लिए। युवती कुल्लू जिला की रहने वाली है और वर्तमान में हमीरपुर में रहती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ब्लीचिंग पाउडर फैक्ट्री के मालिक निवासी हमीरपुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रंगे हाथ पकड़े गए तो हुआ खुलासा
आरोपी की पत्नी चंडीगढ़ में नौकरी करती है। गत दिवस इसकी पत्नी जब उससे मिलने के लिए आई, तो उसने घर का दरवाजा खटखटाया। मगर पति ने दरवाजा नहीं खोला। आरोपी की पत्नी ने पुलिस चौकी में यह बात बताई कि कहीं आरोपी ने खुद को कुछ कर तो नहीं लिया।
पुलिस को साथ में लेकर जब दरवाजा खुलवाया, तो वो अंदर लड़की देखकर हैरान हो गई। तभी युवती को आरोपी के शादीशुदा होने की बात पता चली। इसके बाद युवती ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।
श्री नयना देवी के डीएसपी बलदेव दत्त खुद मामले की जांच कर रहे हैं और हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। एसपी राहुल नाथ ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की शिकायत पर आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।