फर्जी तरीके से हड़प लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से पैसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के चंबा जिले की चुराह घाटी में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सरकार से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि हड़पने का मामला उजागर हुआ है। इस मामले में अज्ञात आरोपियों ने वर्ष 2001 में हुई एक शादी के एवज में सरकारी खजाने को चूना लगाया है। पीड़ित दंपति के फर्जी दस्तावेज व हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के रूप में मिलने वाली राशि निकाली गई।
पीड़ित दंपति बबली देवी और विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी वर्ष 2001 में हुई थी, लेकिन जब वर्ष 2015 में उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी प्राप्त की तो उसके और उसके पति के नाम व पते का किसी ने इस्तेमाल करके फर्जी तरीके से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत मिलने वाले प्रोत्साहन राशि को निकाल लिया।
मामला सामने आते ही मचा कोहराम
पीड़िता ने बताया कि अगर उसके नाम पते का इस्तेमाल करके आरोपियों ने इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया है तो उनके इस गोरखधंधे का शिकार और लोग भी हो सकते हैं जिन्हें इस बारे में कुछ ज्ञात ही नहीं होगा। उधर, तीसा पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भादंसं की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इसकी पुष्टि करते हुए एसपी चंबा डीके चौधरी ने बताया कि मामला बहुत संगीन है। इसकी जांच के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। शीघ्र ही नतीजे सामने आ जाएंगे। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले से जुड़े सभी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने जो जानकारी दी है उसे भी पुलिस ने रिकॉर्ड कर लिया है।