लग्जरी कार के चक्कर में गंवा बैठा सात लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सस्ती और लग्जरी कार के चक्कर में एक डाक्टर को शातिरों ने साढ़े सात लाख रुपये का चूना लगा दिया। डाक्टर ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ है। डाक्टर ने ऑनलाइन एक कार पसंद की और उस पर दिए नंबर पर कॉल किया। कार खरीदने की इच्छा जताई।
शातिरों ने डाक्टर को झांसे में लिया और कार खरीदने से पहले कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उनके बैंक खाते में पैसा जमा करवाने को कहा। डाक्टर उनकी बातों में आ गया और पैसे डालता रहा। वह शातिरों को 7 लाख 55 हजार का भुगतान कर चुका था। बावजूद इसके कार उसे नहीं मिली। तब जाकर उसे एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।
शातिरों ने कहा, जर्मनी की है कार
मामला अब सदर पुलिस के पास पहुंच गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक ठगी का शिकार डाक्टर मालरोड के पास प्राइवेट क्लीनिक चलाते हैं। डाक्टर को एक कार खरीदनी थी। लिहाजा इन्होंने आन लाइन कार खरीदने की सोची। जल्द ही उन्हें एक कार पसंद आई।
उस पर दिए नंबर पर डायल किया और कार खरीदने की इच्छा जताई। कॉलर ने कहा कि यह कार जर्मन दूतावास में कार्यरत एक उच्च अफसर की है। इनका भारत में कार्यकाल पूरा हो गया है और यह लौट कर जर्मनी जा रहे है। वहां जाने से पहले यह अपनी यह कार औने पौने दामों में बेच रहे हैं।
नहीं गंवाना चाहता था मौका
इसके कई खरीददार है अगर आप इस सुनहरे अवसर को हाथ से नहीं जाने देना चाहते तो एडवांस के तौर पर कुछ रकम उनके बैंक खाते में डाल दे। डाक्टर ने उनकी बातों पर विश्वास करके मुंबई के एक बैंक के खाते में पैसा जमा करवाया। इसके बाद ठगी का सिलसिला शुरू हो गया।
कार का सौदा एक दो दिनों के भीतर होने का झांसा देकर किसी न किसी बात पर वह डाक्टर से पैसा ऐंठते रहे। जब तक डाक्टर को पता चलता कि उसके साथ ठगी हो रही है तब तक वह काफी पैसा लुटा चुका था। डीएसपी सिटी बलबीर सिंह ने कहा कि डाक्टर की शिकायत के आधार पर थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है।