सोशल मीडिया में पूर्व विधायक को चेयरमैन दिखाने पर एफआईआर
नालागढ़ के पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला प्रधान कृष्ण लाल ठाकुर को सोशल मीडिया में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का चेयरमैन बना दिया गया। इस पोस्ट के सोशल मीडिया में आते ही बधाइयों का तांता लग गया। पोस्ट को खूब शेयर भी किया जाने लगा। भाजपा मंडल ने इसकी निंदा करते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष बलदेव ठाकुर ने शिकायत में बताया कि नालागढ़ विस क्षेत्र में काफी अरसे से फेक आईडी और ट्विटर हैंडल बनाकर पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला प्रधान के खिलाफ गलत खबरें तथा पोस्ट डाली जा रही हैं। इसी के तहत मनोहर सिंह राणा के फेक अकाउंट से रविंद्र ठाकुर के फेक ट्विटर अकाउंट से पोस्ट डाली गई है कि पूर्व विधायक को प्रदूषण नियंत्रण कंट्रोल बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है, जो गलत है।
आईटी एक्ट में दर्ज हुआ मामला
सरकार की ओर से ऐसी कोई विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की पूरी तहकीकात कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला प्रधान कृष्ण लाल का कहना है कि उनकी छवि को धूमिल करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वह पार्टी और इलाके की सेवा के प्रति पूरी तरह से कृतसंकल्प हैं। एसपी बददी रानी बिंदु सचदेवा ने कहा कि पुलिस ने बलदेव ठाकुर की शिकायत पर आईटी एक्ट 66डी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।