700 से अधिक लोगों को करोड़ों को चूना लगाकर फाइनांस कंपनी के संचालक फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में एफडी और आरडी करवाकर रकम पर मोटा ब्याज देने का झांसा देकर करोड़ों रुपये एकत्रित कर एक फाइनांस कंपनी के संचालक फरार हो गए हैं। कार्यालय बंद कर कंपनी के कर्ताधर्ता गायब हो गए हैं। पांवटा क्षेत्र में कंपनी ने 700 से अधिक लोगों को चूना लगाया है। सोमवार को डीएसपी कार्यालय पहुंचकर लोगों ने इसकी शिकायत की।
ठगी के शिकार लोगों ने लिखित शिकायत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल तथा डीएसपी पांवटा को भेजी है। पांवटा साहिब क्षेत्र निवासी चतर सिह तोमर, सीता राम, विवेक चौहान, पूनम देवी, राजेश शर्मा, दया राम, बुद्धि प्रकाश, हेमंत कुमार, राजेश कुमार, सरदार सिंह, विवेक चौहान, भगवान सिंह, संदीप कुमार, लक्ष्मी देवी, अरुणा, सुरेंद्र सिंह, चांदमल, संगीता, विजेंद्र प्रसाद व महफूज समेत दर्जनों ग्रामीणों ने कहा कि खून पसीने की कमाई से पाई-पाई जोड़ी था।
पांवटा में कार्यालय खोलकर निवेश से संबंधित कार्य करने वाली आरएफबीई कंपनी आरडी-एफडी का काम करती थी। कुछ समय तक राशि मिलती रही। अब कंपनी ने पांवटा के वाई प्वाइंट के समीप कार्यालय जून 2019 से बंद कर दिया है। पहले लोगों को अन्य जगह पर कार्यालय खोलने का आश्वासन दिया, लेकिन अब कंपनी ग्राहकों का पैसा वापस नहीं दे रही।
कंपनी के पांवटा कार्यालय में 750 से अधिक ग्राहकों का जमाधन लगभग 3.25 करोड़ व मैच्योरिटी राशि मिलाकर पांच करोड़ से अधिक है। पांवटा कार्यालय में सभी अधिकारी और कर्मचारी उत्तर प्रदेश के रखे थे, जो स्थानीय लोगों से एफडी व आरडी की राशि एकत्र कर अपने यूपी कार्यालय पहुंचाते थे। वहीं से इसकी रसीद आती थी।
अप्रैल 2014 में केंद्र में मोदी सरकार के आने पर रियल स्टेट के कानून में बदलाव आया। इस कंपनी ने पैसा उठाना बंद कर दिया। फिर अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए नया बिजनेस 2015 से आरएससीएस कंपनी के नाम से शुरू किया। पॉलिसी व बांड आगरा से आते रहे। अक्तूबर 2018 के बाद पैसा वापस नहीं मिला।
कहा जा रहा है कि यूपी के सहारनपुर में इसी कंपनी पर एफआईआर दर्ज करवा दी गई थी, जिसके बाद जून 2019 में पांवटा कार्यालय बंद कर दिया। सोमवार को लोगों ने डीएसपी व एसएचओ पांवटा को लिखित शिकायत दी है। डीएसपी पांवटा सोमदत ने लिखित शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस छानबीन कर रही है। डीएसपी ने बताया कि जनता को खुद अपने खून पसीने की कमाई को लेकर सजग रहना चाहिए।