नशे में धुत युवकों ने डॉक्टर को पीट डाला
जोनल अस्पताल कुल्लू के ट्रामा सेंटर में एक चिकित्सक को कुछ युवकों ने पीट डाला। वहीं, चिकित्सक को जान से मारने की धमकी देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इधर, पुलिस ने चिकित्सक की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 11 मार्च की रात को जब क्षेत्रिय अस्पताल के ट्रामा सेंटर में डॉ. कल्याण सिंह अपनी सेवाएं दे रहे थे तो इसी दौरान वहां तीन लोग आ धमके।
बताया जा रहा है कि ये तीन युवक नशे की हालत में थे। इनमें एक व्यक्ति के हाथ में चोट लगी थी, लेकिन इस दौरान चिकित्सक दूसरे मरीज को देख रहे थे। डॉक्टर ने उन्हें कुछ देर रुकने को कहा। इस पर तीनों युवक भड़क गए और चिकित्सक को धक्का मार कर उन्हें फर्श पर गिरा दिया, वहीं चिकित्सक पर लात और घूसों की बौछार कर डाली।
होमगार्ड और चालक को भी धकमाया
वहीं, बचाव करने आए होमगार्ड और चालक से भी आरोपी उलझ गए और चिकित्सक को जान से मारने की धमकी देकर भाग खड़े हुए। चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने मनु, सुभाष और तीसरे अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने भादंसं की धारा 353, 332, 504, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसएमओ डॉ. कमल कपूर ने बताया कि इस हादसे के बाद चिकित्सक सहमे हुए थे। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इधर, डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने साफ किया कि आरोपी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे।