शराब माफिया के पक्ष में पुलिस से मारपीट पर विधायक का पीए, पीएसओ और ड्राइवर गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्षेत्र के निकटवर्ती गांव पेखूबेला में शराब माफिया पर कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में ऊना सदर से कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा के पीए मुकेश, पीएसओ हेड कांस्टेबल महिंद्र सिंह, चालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन्हें एक दिन की रिमांड पर भेजा गया है। मारपीट के आरोप पर प्रथम आरक्षित वाहिनी बनगढ़ ने पीएसओ को निलंबित भी कर दिया है। कमांडेंट शालिनी अग्निहोत्री ने पीएसओ के निलंबन की पुष्टि की है।
इसके अलावा पुलिस ने अवैध शराब के साथ पकड़े गए आरोपी अरुण उर्फ रिक्की निवासी सनोली के घर पर भी छापामारी की। हालांकि आरोपी के घर से पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा। उल्लेखनीय है कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सोमवार रात पेखूबेला में एक मारुति कार से 12 पेटी और एक बोरी में भरी हुई अवैध शराब की खेप पकड़ी थी।
इसी दौरान शराब माफिया से जुड़े कुछ लोग पुलिस टीम के साथ उलझ पड़े और मारपीट कर दी। मारपीट में विधायक के पीएसओ और चालक सहित करीब आधा दर्जन लोग शामिल थे। पुलिस ने अवैध शराब की खेप सहित कांग्रेस नेता की गाड़ी सहित तीन वाहन जब्त किए हैं।
एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस दल के साथ मारपीट करने व अवैध शराब के साथ पकड़े गए आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के निर्देश दिए हैं।
एसपी ने नवाजे कार्रवाई करने वाले पुलिस कर्मी
एसपी दिवाकर शर्मा ने शराब माफिया पर कार्रवाई करने के लिए जांच टीम में शामिल पुलिस कर्मियों अनिल दत्ता व नितिन को कमेंडेशन अवार्ड से नवाजा है। एसपी ने मंगलवार को इन्हें प्रशस्ति पत्र और एक-एक हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। एसपी ने कहा कि बेहतर काम करने वाले पुलिस कर्मियों का उत्साह बढ़ाया जाएगा।