सावधान! एटीएम में आपसे भी हो सकती है ऐसी ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एटीएम कार्ड के जरिए शातिर आए दिन नए नए तरीके निकालकर लोगों के पैसे साफ कर रहे हैं। ज्यादातर वो लोग ठगी के शिकार होते हैं जिन्हें या तो एटीएम यूज की पूरी जानकारी नहीं होती या फिर जो एटीएम में जाकर दूसरों की मदद लेते हैं।
ठगी की ये वारदात भी ऐसी ही है। पहले तो इस शख्स ने एटीएम में कार्ड डालकर पैसे निकालने की कोशिश की। मगर जब पैसे नहीं निकले तो एटीएम पहुंचे दूसरे आदमी से मदद ले ली।
इस आदमी ने मदद भी की लेकिन चुपचाप इसके सारे कैश पर से भी हाथ साफ कर दिया। मामला हिमाचल के जिला बिलासपुर के घुमारवीं का है।
ऐसे उड़ाए पैसे
यहां उपमंडल घुमारवीं के तहत बैहनाजट्टां के एक शख्स को एटीएम केंद्र में पैसे निकाल रहे एक व्यक्ति की सहायता लेना महंगा पड़ गया। व्यक्ति ने बैंक खाते से एक हजार रुपये निकालने में उसकी मदद तो कर दी।
लेकिन बाद में एटीएम कार्ड बदल कर ऐसा खेल खेला कि उसके खाते से 52000 रुपये की नकदी उड़ा ली। एटीएम कार्ड बदल कर निकाली गई इस नकदी के मामले की शिकायत पर पुलिस ने 420 यानि धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बैहनाजट्टां निवासी राम दास 29 दिसंबर 2014 को औहर स्थित एसबीआई के एटीएम में पैसे निकालने के लिए आया था। लेकिन एटीएम मशीन से पैसे नहीं निकल पाने के कारण उसने वहां पैसे निकालने आए एक अन्य शख्स से मदद ली।
कार्ड बदला और निकाल लिए 52 हजार
इसके माध्यम से वह एटीएम में एक हजार रुपये निकालने में कामयाब हो गया। लेकिन शातिर ने एटीएम कार्ड वापस करते वक्त उसे अपना एटीएम कार्ड दे दिया और राम दास का एटीएम लेकर निकल गया।
इसके बाद घुमारवीं और दधोल के एटीएम से चार बार ट्रांजेक्शन कर उसके खाते से लगभग 52000 रुपये की राशि निकालने में शातिर कामयाब हो गया। इस घटना की जानकारी रामदास को तब लगी जब वह दो दिन पहले ही अपने बैंक की पास बुक में एंट्री करवाने पहुंचा।
अपने खाते में शून्य राशि देख उसके होश फाख्ता हो गए। उसने पुलिस में शिकायत की जिसके बाद पता चला कि कब और कहां से पैसे उड़ाए गए हैं।
ये सावधानी बचाएगी आपकी कमाई
यदि आप एटीएम इस्तेमाल करते हैं तो खराब मशीन में कभी अपना कार्ड न डालें। इसके अलावा एटीएम में किसी से भी मदद न लें। यदि पैसे नहीं निकल रहे हैं तो दूसरे एटीएम में जाएं। अपने कार्ड को किसी अज्ञात व्यक्ति को न दें और न ही अपना पिन नंबर बताएं।
इसके अलावा ये भी चैक कर लें कि क्या एटीएम में पैसों की ट्रांजेक्शन कैंसिल हो गई है कि नहीं। पूरी चैकिंग के बाद ही एटीएम छोड़ें। ये भी चैक करें कि आपका एटीएम आपके पास है या नहीं।
एटीएम पर कभी भी पिन नंबर न लिखें। एटीएम की जानकारी संबंधी आने वाले फोन कॉल्स पर भी ध्यान न दें क्योंकि बैंक कभी एटीएम कार्ड संबंधी जानकारी आपसे नहीं मांगता है।