{"_id":"58adcd594f1c1b6f1cb2330d","slug":"akanksh-murder-case-accused-harmehtab-singh-sent-to-2-day-police-remand","type":"story","status":"publish","title_hn":"अकांक्ष हत्याकांड: मुख्य आरोपी फरीद का 2 दिन और बढ़ा पुलिस रिमांड","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
अकांक्ष हत्याकांड: मुख्य आरोपी फरीद का 2 दिन और बढ़ा पुलिस रिमांड
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Thu, 23 Feb 2017 12:17 AM IST
विज्ञापन
अकांक्ष हत्याकांड में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हरमेहताब सिंह उर्फ फरीद को अदालत में पेश करने ले जाती पुलिस।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अकांक्ष हत्याकांड में गिरफ्तार हरमेहताब सिंह उर्फ फरीद को पुलिस ने रिमांड अवधि समाप्त होने पर जिला अदालत में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने पिछली दो बार रिमांड के लिए जो आधार बनाए थे, उन्हीं पर अदालत से फरीद का फिर से तीन दिन का रिमांड मांगा।
विज्ञापन
अदालत ने पुलिस की दलीलें सुनने के बाद फरीद को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया। इससे पहले ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने जांच अधिकारी सेक्टर-3 की एसएचओ पूनम दिलावरी से पहले 6 दिन के रिमांड के दौरान रिकवरी के बाबत पूछा। इस पर एसएचओ ने बताया कि पुलिस को बलराज के नानके से बीएमडब्ल्यू कार बरामद हुई है।
विज्ञापन
हालांकि कार पंजाब पुलिस को लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। वहीं, जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी बार-बार बयान बदल रहा है। साथ ही वह जांच में सहयोग भी नहीं कर रहा है। अदालत ने इस बार रिमांड का आधार पूछा तो जांच अधिकारी ने बताया कि इस बार फरीद ने डिस्क्लोजर स्टेटमेंट में बताया है कि उसे पता है कि बलराज सिंह रंधावा कहां है।
विज्ञापन
उसके अनुसार बलराज इस समय अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास एक दोस्त के घर पर ठहरा है। इसलिए पुलिस को उसे वहां लेकर जाना है और मुख्य आरोपी बलराज सिंह रंधावा की गिरफ्तारी करनी है। इसलिए उसका तीन दिन का रिमांड मांगा गया है।गिरफ्तारी के बाद से पुलिस फरीद का तीन बार रिमांड ले चुकी है। पहली दो बार पुलिस ने उसका तीन-तीन दिन का रिमांड लिया था। पुलिस ने फरीद को तीनों बार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष ही पेश किया।
वहीं, पुलिस ने हर बार उसके रिमांड के लिए मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी, कार की बरामदगी और फरीद के मोबाइल की रिकवरी को आधार बनाया। कार की बरामदगी होने के अलावा पुलिस अब तक फरीद से कुछ भी बरामद नहीं कर सकी है। इस बार भी पुलिस ने रंधावा की गिरफ्तारी और फरीद से मोबाइल बरामदगी की बात कही।
पुलिस के अनुसार फरीद ने अपने मोबाइल से शेरा के साथ हुए झगड़े के दौरान कुछ फोटो खींचे थे। इसे उसने वायरल कर दिया था। वहीं उसने वीडियो भी शूट किया था। यह मोबाइल उसने जब वह बंगलूरू गया था वहां फेंक दिया था। उससे वह बरामद करना है। यह फोटो और वीडियो केस के लिए काफी अहम सबूत हो सकते हैं।
वहीं, बचाव पक्ष की ओर से पेश हुए वकील ने पुलिस रिमांड का विरोध करते हुए कहा कि पुलिस अब तक दो बार फरीद का तीन-तीन दिन का रिमांड ले चुकी है, लेकिन पुलिस को कुछ भी हासिल नहीं कर पायी है। ऐसे में इस बार रिमांड का कोई आधार नहीं बनता।
मेडिकल और डीडीआर दर्ज करानी होगी
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि पुलिस अगर फरीद को लेकर अमृतसर जाती है तो उसे फरीद का वहां के स्थानीय सरकारी अस्पताल में उसका मेडिकल कराना होगा। साथ ही स्थानीय थाने में डीडीआर भी दर्ज करानी होगी। इसकी एक कॉपी कोर्ट में पेश करनी होगी। साथ ही यह भी कहा कि अगर आरोपी फिर से बयान बदलता है तो उसे उसी समय जहां भी हों वहां के इलाका मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करें और उसके बयान दर्ज करवाएं।
बीएमडब्लू को जांच के लिए सीएफएसएल विशेषज्ञ ले गए लैब में
अकांक्ष सेन की हत्या मामले में सबूत जुटाने के लिए सीएफएसएल विशेषज्ञ की टीम बुधवार को फिर से सेक्टर-3 थाने पहुंची। विशेषज्ञ गाड़ी की बारीकी से जांच करने के लिए उसे सेक्टर-36 स्थित सीएफएसएल कार्यालय ले गए हैं। वहां एक्सपर्ट की टीम कार की बारीकी से जांच करेगी। इसके अलावा पुलिस ने विशेषज्ञों से गाड़ी की मैकेनिकल रिपोर्ट जल्द से जल्द देने की मांग की है ताकि रिपोर्ट को लगाकर केस को मजबूत किया जा सके।
जल्द हो सकती है बलराज की गिरफ्तारी
अकांक्ष सेन की हत्या मामले में पुलिस मुख्य आरोपी बलराज सिंह रंधावा को पकड़ने के लिए लगातार पंजाब में छापेमारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम बलराज के काफी करीब पहुंच चुकी है। इसके अलावा पुलिस ने बलराज के मामा पर भी काफी दबाव बना रखा है। पता चला है कि पुलिस बलराज को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। वहीं बुधवार को दिनभर बलराज सिंह रंधावा के कोर्ट में या पुलिस थाने में सरेंडर करने की चर्चाएं बनी रहीं।